आगरा। आगरा मेट्रो और जल निगम के कार्यों से शहर में उत्पन्न हो रही समस्याओं को लेकर मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगरा मेट्रो, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और जल निगम के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में मेट्रो परियोजना की प्रगति, सड़क खुदाई, ट्रैफिक जाम, प्रदूषण और जन सुरक्षा जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
जल निगम अधिकारियों ने बताया कि फतेहाबाद रोड पर पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा है और जहां-जहां लाइन डाल दी गई है, वहां सड़क का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। इस पर पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने सड़क मरम्मत की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क जीर्णोद्धार कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ कराया जाए। कार्य पूर्ण होने के बाद पीडब्ल्यूडी और नगर निगम संयुक्त रूप से जांच कर यह सुनिश्चित करेंगे कि फतेहाबाद रोड एक स्मार्ट रोड के मानकों के अनुरूप बने। साथ ही जल निगम को निर्देश दिए गए कि कार्य पूर्ण होते ही बैरिकेडिंग हटाई जाए, जिससे जाम की समस्या न हो।
नगर आयुक्त ने मेट्रो निर्माण के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों, फुटपाथ, हरियाली, सीवर लाइन और स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याओं को रखा। इस पर मंडलायुक्त ने मेट्रो, नगर निगम और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को माल रोड और एमजी रोड का संयुक्त निरीक्षण कर पुनःस्थापन की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। जो भी मरम्मत और पुनरुद्धार कार्य आवश्यक हों, उन्हें मेट्रो विभाग द्वारा अपने स्तर से पूरा कराया जाएगा।
बैठक में यमुना पार, लोहामंडी और दयालबाग क्षेत्रों में जल निगम के कार्यों को लेकर भी गंभीर आपत्तियां सामने आईं। नगर आयुक्त ने बताया कि इन इलाकों में सड़कों की खुदाई के बाद गड्ढे खुले छोड़ दिए गए हैं, ट्रैफिक और प्रदूषण नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं और इसे लेकर क्षेत्रीय पार्षदों व नागरिकों की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। इस पर मंडलायुक्त ने जल निगम अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में नगर निगम की जांच में यदि कोई कमी पाई गई तो भारी जुर्माने के साथ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अंत में मंडलायुक्त ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को नंद टॉकीज से मधुनगर मार्ग और एमजी रोड पर जर्जर हो चुकी सड़कों को गड्ढामुक्त कर समुचित जीर्णोद्धार कराने के निर्देश दिए, ताकि शहरवासियों को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा मिल सके।
#AgraMetro #AgraTraffic #AgraNews #CityDevelopment #WaterCorporation #MetroProject #UrbanInfrastructure #PublicSafety #RoadConstruction #PollutionControl



.jpeg)