मलपुरा पुलिस, साइबर सर्विलांस और काउंटर इंटेलिजेंस टीम की संयुक्त कार्रवाई
स्क्रैप की आड़ में हो रही थी अंतरराज्यीय तस्करी
दो आरोपी गिरफ्तार, गिरोह के सरगना की तलाश तेज
आगरा। पुलिस ने अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए करीब 60 लाख रुपये कीमत की अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की है। मलपुरा थाना पुलिस ने साइबर सर्विलांस और काउंटर इंटेलिजेंस टीम के साथ संयुक्त अभियान में पंजाब के जिरकपुर से गोरखपुर भेजे जा रहे ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक से 492 पेटियों में भरी 12,108 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर ट्रक, मोबाइल फोन और नकदी भी कब्जे में ले ली है। पूछताछ में स्क्रैप की आड़ में शराब तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा हुआ है।
साइबर सर्विलांस की मदद से पकड़ी गई बड़ी खेप
आगरा कमिश्नरेट पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पंजाब से अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप ट्रक के जरिए उत्तर प्रदेश लाई जा रही है। सूचना मिलते ही मलपुरा थाना पुलिस ने साइबर सर्विलांस और काउंटर इंटेलिजेंस टीम के साथ संयुक्त रणनीति तैयार कर ट्रक की घेराबंदी की। जांच के दौरान ट्रक से 492 पेटियों में भरी 12,108 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने ट्रक को भी कब्जे में ले लिया।
स्क्रैप की आड़ में चल रहा था तस्करी का खेल
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि शराब की खेप को स्क्रैप (कबाड़) के माल के रूप में दिखाकर गोरखपुर भेजा जा रहा था, ताकि रास्ते में किसी एजेंसी को शक न हो। ट्रक से स्क्रैप से संबंधित बिल्टी और अन्य दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिनकी पुलिस बारीकी से जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि गिरोह लंबे समय से इसी तरीके से शराब की तस्करी कर रहा था।
गिरफ्तार तस्करों से मिले अहम सुराग
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन और 4,200 रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गोरखपुर पहुंचने के बाद गिरोह का सरगना राहुल मोबाइल फोन के माध्यम से आगे डिलीवरी का स्थान बताने वाला था। इस खुलासे के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है।
पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
बरामद मोबाइल फोन, ट्रक से मिले दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस अंतरराज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से खरीदी गई, किन-किन राज्यों से होकर लाई गई और किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जानी थी। पुलिस गिरोह के सरगना समेत अन्य फरार सदस्यों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
डीसीपी बोले- गिरोह के हर सदस्य तक पहुंचेगी पुलिस
डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे गिरोह की पहचान की जा रही है। शराब की खरीद, परिवहन, सप्लाई और वितरण से जुड़े सभी लोगों को चिन्हित कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क के तार अन्य राज्यों के किन-किन तस्करों से जुड़े हुए हैं।

