• Sun. Jun 14th, 2026

TODAY NewsTrack

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Agra News:महाराणा प्रताप की प्रतिमा अनावरण समारोह में राजनाथ सिंह का बड़ा संदेश, बोले- अब दुनिया सुन रही भारत की ताकत

Defence Minister Rajnath Singh unveiling Maharana Pratap statue in Shamsabad Agra
Spread the love

आगरा। शमसाबाद में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा के भव्य अनावरण समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा, आतंकवाद पर कार्रवाई, किसानों, कानून व्यवस्था और विकास योजनाओं को लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने महाराणा प्रताप को स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बताते हुए कहा कि देश आज मजबूती के साथ दुनिया के सामने खड़ा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और आम लोग मौजूद रहे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को शमसाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा का भव्य अनावरण किया। खेरिया एयरफोर्स स्टेशन पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों ने उनका पुष्पगुच्छ और पटका पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद वह सीधे शमसाबाद पहुंचे, जहां कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही।

मुख्य मंच पर पहुंचने पर पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्मृति चिह्न, मोमेंटो और गदा भेंट कर रक्षा मंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान भारत माता की जय के नारों से पूरा पंडाल गूंज उठा।

जनसभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि लंबे समय बाद शमसाबाद आने का अवसर मिला है और यहां के लोगों का स्नेह व उत्साह देखकर वह अभिभूत हैं। उन्होंने मंच से जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया की भाषण शैली की सराहना करते हुए कहा कि उनमें लोगों के सामने प्रभावशाली ढंग से अपनी बात रखने की अद्भुत क्षमता है।

उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक राजा नहीं बल्कि संघर्ष, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के सबसे बड़े प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि कई बार महाराणा प्रताप को समझौते के प्रस्ताव मिले, लेकिन उन्होंने अपने आत्मसम्मान और देश की मिट्टी से कभी समझौता नहीं किया। महलों की सुख-सुविधाएं छोड़कर उन्होंने कठिन परिस्थितियों में जीवन बिताना स्वीकार किया, लेकिन पराधीनता स्वीकार नहीं की।

रक्षा मंत्री ने कहा कि देश की माताएं आज भी अपने बच्चों को महाराणा प्रताप की वीरता की कहानियां सुनाती हैं। उनका पूरा जीवन यह संदेश देता है कि आजादी और आत्मसम्मान से बड़ा कुछ नहीं होता। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार भी उसी भावना के साथ देश के गौरव को बढ़ाने के लिए काम कर रही है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत को गंभीरता से सुन रही है। पहले अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बात को वह महत्व नहीं मिलता था, जो आज मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में देश ने आतंकवाद के खिलाफ मजबूत इच्छाशक्ति दिखाई है और अब भारत किसी भी चुनौती का जवाब देने में सक्षम है।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादी घटनाओं के बाद केंद्र सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। सिंधु जल समझौते को निलंबित करने का फैसला इसी नीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि भारत अपने हितों की रक्षा करना जानता है और आतंकवाद फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

रक्षा मंत्री ने नक्सलवाद का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय देश के कई हिस्से हिंसा से प्रभावित थे, लेकिन अब हालात तेजी से बदल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों के जवानों ने देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति दी है और सरकार उनके बलिदान का सम्मान करती है।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी समाज को जोड़ने की राजनीति करती है। महाराणा प्रताप ने भी कभी भेदभाव नहीं किया और सभी को साथ लेकर संघर्ष किया। सरकार भी उसी सोच के साथ बिना जाति और धर्म का भेद किए योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचा रही है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के जरिए गरीबों को स्वास्थ्य सुविधा मिल रही है। गांव-गांव तक पेयजल पहुंचाया गया है और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों लोगों को घर मिले हैं। उद्योग और फैक्ट्रियों के विस्तार से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं।

उन्होंने कहा कि राजनीति केवल सत्ता के लिए नहीं बल्कि देश निर्माण के लिए होनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देशों द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को सर्वोच्च सम्मान दिया जाना पूरे भारत का सम्मान है।

अपने संबोधन में उन्होंने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने घोषणापत्र में किए गए वादों को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि आज देश की सीमाएं अधिक सुरक्षित हैं और घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत सीधे किसानों के खातों में सहायता राशि भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों को रिकॉर्ड भुगतान कराया गया है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद भारत में विदेशी निवेश तेजी से बढ़ा है। दुनिया की बड़ी कंपनियां भारत में निवेश कर रही हैं और कई देशों के साथ व्यापारिक समझौते हुए हैं। सरकार महिलाओं के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दे रही है।

कानून व्यवस्था को विकास की सबसे बड़ी शर्त बताते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार इसी दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि देश के हर जिले के विशेष उत्पाद को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि स्थानीय उत्पाद वैश्विक बाजार तक पहुंच सकें।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, सांसद राजकुमार चाहर, राज्यसभा सदस्य नवीन जैन, मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, मंत्री बेबी रानी मौर्य, मंत्री धर्मवीर प्रजापति, विधायक धर्मपाल सिंह, जीएस धर्मेश, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, छोटे लाल वर्मा, भगवान सिंह कुशवाह, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *