• Mon. Mar 2nd, 2026

Today News Track

India #1 News Platform

Agra News : डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के छलेसर परिसर ने अंतर महाविद्यालय महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता का खिताब जीतकर रचा इतिहास

Chhalesar campus women’s team celebrating victory at Dr Bhimrao Ambedkar University Agra inter college handball tournamentThe women’s handball team of Chhalesar Campus celebrates after defeating KR PG College, Mathura in the inter college tournament at Dr Bhimrao Ambedkar University, Agra.
Spread the love

आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के नेताजी सुभाष चंद्र बोस छलेसर परिसर स्थित शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद विभाग में 24 फरवरी को माननीय कुलपति प्रो. आशु रानी के संरक्षण में अंतर महाविद्यालय महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

फाइनल मुकाबले में छलेसर परिसर की टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए के.आर. पी.जी. कॉलेज, मथुरा को पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। यह पहली बार है जब छलेसर परिसर की महिला हैंडबॉल टीम ने ट्रॉफी पर कब्ज़ा जमाया और विश्वविद्यालय के इतिहास में नया अध्याय जोड़ा। मैच के दौरान टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रणनीति अपनाई और पूरे खेल में निर्णायक बढ़त बनाए रखी। दर्शकों की तालियों और उत्साहवर्धन के बीच टीम ने शानदार विजय दर्ज की।

प्रतियोगिता के समन्वयक डॉ. अखिलेश चंद्र सक्सेना के मार्गदर्शन में आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन सचिव डॉ. सिंधुजा चौहान ने व्यवस्थाओं का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से किया। आब्जर्वर के रूप में डॉ. अमृता एन.डी. ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सेलेक्टर के रूप में डॉ. हेमराज एवं डॉ. जयशंकर ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया और चयन प्रक्रिया को निष्पक्षता के साथ पूरा किया।

इस अवसर पर नेशनल पी.जी. कॉलेज, मैनपुरी से डॉ. रणवीर सिंह तथा के.आर. पी.जी. कॉलेज, मथुरा से डॉ. दलवीर सिंह, डॉ. महेश फौजदार, डॉ. उरदेव सिंह तोमर, डॉ. नरेंद्र पाल और डॉ. रवि शंकर सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

छलेसर परिसर की इस ऐतिहासिक जीत से विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल है। प्रतियोगिता ने न केवल छात्राओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान किया, बल्कि महिला खेलों को बढ़ावा देने और विश्वविद्यालय में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *