• Sun. May 31st, 2026

TODAY NewsTrack

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Agra News: परीक्षा देकर लौट रहे दो दोस्तों की सड़क हादसे में मौत, गांव में पसरा मातम

Two D.Pharma students injured in a fatal road accident on Agra-Kanpur Highway after appearing for an examination.
Spread the love

आगरा। डीफार्मा की परीक्षा देकर बाइक से घर लौट रहे दो दोस्तों की आगरा-कानपुर हाईवे पर सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

डीफार्मा की परीक्षा देकर घर लौट रहे फिरोजाबाद के दो छात्रों की शनिवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक का माहौल है। पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी है।

फिरोजाबाद के टूंडला क्षेत्र स्थित गांव देवखेड़ा निवासी 22 वर्षीय राज दुष्यंत पुत्र राजेश गौतम और 21 वर्षीय अक्षय पुत्र जय किशोर गौतम आपस में दोस्त थे और डीफार्मा की पढ़ाई कर रहे थे। शनिवार को दोनों की छलेसर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय परिसर में परीक्षा थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे।

दोपहर करीब 3:30 बजे दोनों आगरा-कानपुर हाईवे-19 पर भागूपुर पुल के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज गति से आए एक वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई।

राज दुष्यंत तीन भाइयों में सबसे बड़े थे, जबकि अक्षय तीन भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर थे। देर रात तक ग्रामीण और परिजन दोनों युवकों के शव गांव पहुंचने का इंतजार करते रहे। हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल बना रहा।

इंस्पेक्टर आलोक सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

आगरा। आगरा में अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। जयपुर हाईवे पर कैंटर की टक्कर से दंपती और चालक घायल हुए, वहीं लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर कुछ दिन पहले हुए हादसे में घायल व्यक्ति ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। जयपुर हाईवे पर हुए हादसे में दंपती समेत तीन लोग घायल हो गए, जबकि दूसरे मामले में उपचाराधीन एक व्यक्ति की मौत हो गई।

पहला हादसा शनिवार रात करीब 11 बजे जयपुर हाईवे पर मिढ़ाकुर पुलिस चौकी के सामने हुआ। मानस नगर निवासी चिकित्सक दीपक गोयल के माता-पिता बीपी गोयल और आशा गोयल चालक सोनू के साथ कार से फतेहपुर सीकरी की ओर से लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज गति से आए कैंटर ने उनकी कार में टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार बीपी गोयल, आशा गोयल तथा चालक सोनू घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

पुलिस के अनुसार हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

दूसरा मामला फतेहाबाद क्षेत्र का है। ककरीली बेहड़ी निवासी 46 वर्षीय कमल सिंह 26 मई को बाइक से जा रहे थे। लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर प्रतापपुरा पुलिया के आगे एक ईको कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी थी। हादसे में कमल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका उपचार चल रहा था। शनिवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई कर रही है। फरार वाहन चालकों की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *