• Fri. Apr 17th, 2026

TODAY NewsTrack

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

President Draupadi Murmu arriving in Mathura and being welcomed by Governor Anandiben Patel and officials at the helipadराष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मथुरा पहुंचीं, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया स्वागत।
Spread the love

मथुरा: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने तीन दिवसीय धार्मिक दौरे के तहत मथुरा पहुंचीं, जहां उनके आगमन पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने हेलीपैड पर उनका स्वागत किया। सेना के हेलीपैड पर चॉपर से पहुंचने के बाद राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया।

इस दौरे को धार्मिक, प्रशासनिक और पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे मथुरा-वृंदावन क्षेत्र की व्यवस्थाओं और व्यवस्थापन की समीक्षा का भी अवसर मिलेगा।

राष्ट्रपति के आगमन पर केविनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी, मंत्री संदीप सिंह, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह तथा नगर निगम महापौर विनोद अग्रवाल ने भी उनकी अगवानी की। इसके बाद राष्ट्रपति अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वृंदावन पहुंचीं, जहां उन्होंने प्रेम मंदिर और इस्कॉन मंदिर के दर्शन किए। इन प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही और प्रशासन द्वारा भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए।

कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति 20 मार्च को वृंदावन में आध्यात्मिक संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन करेंगी। इसके साथ ही वह रामकृष्ण मिशन अस्पताल में कैंसर की नई विंग का उद्घाटन भी करेंगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। यह कदम स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

राष्ट्रपति के दौरे का तीसरा दिन 21 मार्च को निर्धारित है, जिसमें वह सुबह गोवर्धन पहुंचेंगी और दानघाटी मंदिर में गिर्राज जी के दर्शन एवं पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद वह 21 किलोमीटर की गोवर्धन परिक्रमा भी लगाएंगी, जो इस क्षेत्र की धार्मिक परंपरा और आस्था का प्रमुख हिस्सा मानी जाती है। परिक्रमा के पश्चात राष्ट्रपति दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।

इस पूरे दौरे के दौरान सुरक्षा एजेंसियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय पुलिस द्वारा समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखा गया है। राष्ट्रपति के इस दौरे से न केवल धार्मिक स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी, बल्कि मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्वास्थ्य और धार्मिक गतिविधियों से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।

वृन्दावन में प्रेम मंदिर एवं इस्कॉन मंदिर के किए दर्शन, बच्चों को बांटी चॉकलेट

मथुरा/गोवर्धन/ वृन्दावन। तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम के तहत मथुरा पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज अपने दौरे के पहले दिन वृन्दावन स्थित प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन किए। राष्ट्रपति ने इस्कॉन मंदिर वृन्दावन एवं प्रेम मंदिर वृन्दावन में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और मंदिरों के आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने स्वजनों के साथ मथुरा पहुंचीं। इस दौरान उनके साथ उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी उपस्थित रहीं। वृन्दावन स्थित मंदिरों में पुजारियों द्वारा राष्ट्रपति को विधिवत पूजा-अर्चना कराई गई तथा मंदिरों के इतिहास, महत्व और व्यवस्थाओं के बारे में संक्षिप्त जानकारी भी दी गई।

दर्शन के दौरान राष्ट्रपति ने इस्कॉन मंदिर परिसर में उपस्थित बच्चों से भी मुलाकात की और स्नेहपूर्वक उन्हें चॉकलेट वितरित की। इस अवसर पर बच्चों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे।

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर वृन्दावन और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और संबंधित अधिकारियों की निगरानी में पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। राष्ट्रपति के इस दौरे को धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने ब्रजभूमि के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन कर आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *