आगरा (ब्यूरो)। पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा उप निरीक्षक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के सुगम और पारदर्शी संचालन के लिए मंगलवार को सायं 04:30 बजे सूरसदन प्रेक्षागृह में बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियों को लेकर समीक्षा की।
बैठक में 28 परीक्षा केन्द्रों के केन्द्र व्यवस्थापक, 28 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 15 आरक्षित सेक्टर मजिस्ट्रेट, 28 स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं 20 आरक्षित स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को आयोग द्वारा प्रदत्त विस्तृत निर्देशों से अवगत कराया गया। सभी पदाधिकारियों को परीक्षा को पारदर्शी, शुचितापूर्ण एवं सुव्यवस्थित सम्पन्न कराने के लिए विशेष रूप से निर्देशित किया गया।
बताया गया कि परीक्षा दिनांक 14 एवं 15 मार्च को नगर में बनाये गये 28 परीक्षा केन्द्रों पर प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक एवं दोपहर 03:00 बजे से 05:00 बजे तक दो पालियों में आयोजित की जाएगी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि परीक्षा से पूर्व दिनांक 13 मार्च को प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा एक रिहर्सल आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी अधिकारी और कर्मी परीक्षा संचालन की पूरी प्रक्रिया का अभ्यास करेंगे।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा केन्द्रों पर किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो, नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए और आपात स्थिति में त्वरित निर्णय लेने के लिए सतत संपर्क व्यवस्था बनाए रखें। पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी ने कहा कि सभी केन्द्रों पर परीक्षा का संचालन पूर्ण पारदर्शिता और शुचिता के साथ होना चाहिए।
बैठक में दीपक कुमार, पुलिस आयुक्त, रामबदन सिंह, अपर पुलिस आयुक्त, अरविन्द मल्लप्पा बंगारी, जिलाधिकारी आगरा, हिमांशु गौरव, नोडल पुलिस अधिकारी, यमुनाधर चौहान, नोडल प्रशासन अधिकारी, कोषाधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

