• Thu. Apr 23rd, 2026

TODAY NewsTrack

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Agra News : स्वस्थ बेटियां, सशक्त समाज: डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में बालिकाओं और महिलाओं के लिए व्यापक स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण शिविर

Free HPV vaccination and health checkup camp for girls and women at Dr Bhimrao Ambedkar University Agra organized by Women Cell and Community Radio 90.4 FM
Spread the love

आगरा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा में चार दिवसीय कार्यक्रम के तीसरे चरण में महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से निःशुल्क HPV टीकाकरण और व्यापक स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर स्थित आरोग्य केंद्र तथा पालीवाल पार्क परिसर के जुबली हॉल में आयोजित इन शिविरों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

यह जनकल्याणकारी पहल विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो 90.4 एफएम ‘आगरा की आवाज’ और महिला प्रकोष्ठ द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), आगरा के विशेष सहयोग से आयोजित की गई।

यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा और उनके मिशन के तहत बेटियों के स्वास्थ्य संरक्षण तथा सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु HPV टीकाकरण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में कार्यक्रम का संचालन प्रो. अर्चना सिंह, महिला प्रकोष्ठ, सामुदायिक रेडियो, आरोग्य केंद्र, यूनिवर्सिटी मॉडल स्कूल और स्वास्थ्य विभाग आगरा के सहयोग से संपन्न हुआ। कुलपति महोदया ने कहा कि “बेटियों का स्वास्थ्य सुरक्षित होगा तो समाज का भविष्य भी सशक्त और समृद्ध होगा।” उन्होंने विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो और महिला प्रकोष्ठ की इस पहल की सराहना की।

सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु निःशुल्क HPV टीकाकरण
खंदारी परिसर स्थित आरोग्य केंद्र में 9 से 13 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए निःशुल्क HPV वैक्सीन (प्रथम डोज़) का टीकाकरण किया गया। इस पहल के अंतर्गत 50 बालिकाओं को टीका लगाया गया।

टीकाकरण से पूर्व अभिभावकों की सहमति ली गई और बालिकाओं के स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखा गया। सामुदायिक रेडियो ने बताया कि छह महीने बाद दूसरी डोज़ भी इसी माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि बालिकाओं को पूर्ण सुरक्षा मिल सके।

दोनों परिसरों में व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण
आरोग्य केंद्र और जुबली हॉल में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में कुल मिलाकर 200 से अधिक लाभार्थियों ने अपनी स्वास्थ्य जांच कराई। शिविर में प्रतिभागियों की रक्तचाप, शुगर, बीएमआई, दांत और हृदय संबंधी जांच निःशुल्क की गई।

डॉक्टरस को कुलपति जी ने धन्यवाद के रूप में मोमेंटो भेंट किये

शिविर में दो महिला स्त्री रोग विशेषज्ञ, दो पुरुष फिजीशियन, काउंसलर और फार्मासिस्ट उपस्थित रहे, जिन्होंने आवश्यक परामर्श और दवाएं भी उपलब्ध कराईं। प्रतिभागियों को संतुलित जीवनशैली, पोषण और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

महिला प्रकोष्ठ और सामुदायिक रेडियो की अहम भूमिका
इस आयोजन को सफल बनाने में विश्वविद्यालय के महिला प्रकोष्ठ और सामुदायिक रेडियो 90.4 ‘आगरा की आवाज’ की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। महिला प्रकोष्ठ की समन्वयक प्रो. अर्चना सिंह, सह-समन्वयक डॉ. नीलम यादव और सदस्य पूजा सक्सेना, डॉ. मोनिका, डॉ. रत्ना, डॉ. मीनाक्षी, डॉ. प्रतिभा, नीलम शर्मा, डॉ. प्रीति, डॉ. नेहा तथा विश्वविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक प्रो. बृजेश रावत और प्रो. रजनीश अग्निहोत्री ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी आगरा डॉ. अरुण श्रीवास्तव और उनकी टीम का भी विशेष योगदान रहा।

विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों और महिलाओं को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराते हैं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करते हैं। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित यह पहल यह संदेश देती है कि “स्वस्थ बेटियां ही सशक्त समाज और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *