आगरा। धौलपुर में आयोजित नॉर्थ सेंट्रल रेलवे मैन्स यूनियन (NCRMU) की दो दिवसीय मंडलीय परिषद सभा में रेल कर्मचारियों ने भारतीय रेल के निजीकरण का विरोध करते हुए कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया। बैठक में आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट जल्द लागू करने, कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के समाधान और संगठन को मजबूत बनाने पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
नॉर्थ सेंट्रल रेलवे मैन्स यूनियन (NCRMU) की दो दिवसीय मंडलीय परिषद सभा 31 जुलाई और 1 अगस्त को धौलपुर के जैन धर्मशाला, स्टेशन रोड पर आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता विजय सिंह मीणा ने की। सभा में भारतीय रेल में बढ़ते निजीकरण के प्रयासों का विरोध करते हुए कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाने और कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने का फैसला लिया गया।
सभा के मुख्य अतिथि केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष राकेश पाठक रहे। विशिष्ट अतिथियों में संयुक्त महामंत्री वीएस कसाना, केंद्रीय उपाध्यक्ष विजय वीर सिंह, मनीष कुमार सिंह और एआईआरएफ महिला विंग, आगरा मंडल की संयोजक निखिल वाजपेयी मौजूद रहीं। परिषद में आगरा मंडल की सभी दस शाखाओं के शाखा अध्यक्ष, शाखा सचिव और बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि भारतीय रेल देश की जीवनरेखा है। इसका निजीकरण कर्मचारियों और आम जनता दोनों के हित में नहीं है। इसलिए सभी कर्मचारियों के बीच जागरूकता अभियान चलाकर संगठन को और मजबूत बनाया जाएगा। साथ ही कर्मचारी विरोधी नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।

मंडल मंत्री सुकेश यादव ने वर्ष 2025-26 की वार्षिक संगठनात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने संगठन की उपलब्धियों, सदस्यता अभियान और कर्मचारी हित में किए गए कार्यों की जानकारी दी। मंडल कोषाध्यक्ष हरिओम भारद्वाज ने वार्षिक आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जिसे परिषद ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
सभा में रेल कर्मचारियों की सेवा संबंधी समस्याओं, सुरक्षा, पदोन्नति, कार्य परिस्थितियों और लंबे समय से लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई। संगठन ने रेलवे प्रशासन से कर्मचारियों के प्रति संवेदनशील और सकारात्मक रवैया अपनाने की मांग की। इसके साथ ही केंद्र सरकार से आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट जल्द जारी करने की मांग भी जोरदार तरीके से उठाई गई, ताकि कर्मचारियों को समय पर उसका लाभ मिल सके।
बैठक के दौरान सभी शाखा सचिवों ने अपनी-अपनी शाखाओं की वार्षिक रिपोर्ट पेश की। उन्होंने सदस्यता अभियान की स्थिति, कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और वर्षभर की संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी साझा की। परिषद ने आगामी सदस्यता अभियान को सफल बनाने और प्रत्येक रेल कर्मचारी तक संगठन की आवाज पहुंचाने का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर धौलपुर शाखा के सचिव एवं मेल/एक्सप्रेस लोको पायलट राम सिंह जाट के रेलवे सेवा से सेवानिवृत्त होने पर उनका सम्मान किया गया। मंडल और शाखा पदाधिकारियों ने उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। सम्मान से भावुक राम सिंह जाट ने कहा कि NCRMU ने हमेशा रेल कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष किया है और आगे भी यह संगठन कर्मचारियों की उम्मीदों का केंद्र बना रहेगा।
सभा में विजय सिंह मीणा, सुकेश यादव, राकेश पाठक, विजय वीर सिंह, मनीष कुमार सिंह, हरिओम भारद्वाज, नीरज परिहार, साजमा प्रवीन, सौरजेश कुमार, संजीव जैन, प्रदीप कनौजिया, नेतराम मीणा, बीएस मीणा, वीर सिंह मीणा, आरके चाहर सहित सभी शाखाओं के अध्यक्ष, सचिव और बड़ी संख्या में रेल कर्मचारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के समापन पर विजय सिंह मीणा ने मुख्यालय और आगरा मंडल की सभी शाखाओं से आए पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि NCRMU रेल कर्मचारियों के अधिकार, सम्मान और भविष्य की रक्षा के लिए हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़ी रहेगी और किसी भी कर्मचारी विरोधी नीति का संगठित एवं लोकतांत्रिक तरीके से मजबूती से विरोध करती रहेगी।

