अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं, पर्यटन और रेल संचालन को मिलेगा बढ़ावा
आगरा। आगरा रेल मंडल के बटेश्वर और फतेहपुर सीकरी रेलवे स्टेशन जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से लैस नजर आएंगे। अमृत भारत स्टेशन योजना और रेलवे पुनर्विकास कार्यक्रम के तहत दोनों स्टेशनों के विकास पर 7.80 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, रेल संचालन अधिक सुगम होगा और धार्मिक व पर्यटन स्थलों तक पहुंचने वाले लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि बटेश्वर रेलवे स्टेशन को 3.60 करोड़ रुपये की लागत से डी श्रेणी के हॉल्ट स्टेशन से बी श्रेणी के क्रॉसिंग स्टेशन में अपग्रेड किया जाएगा। यहां 750-750 मीटर लंबाई की दो नई लूप लाइनें, नया स्टेशन भवन, हाई-लेवल प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, पानी की टंकी, बोरवेल, पंप हाउस, दिव्यांगजन रैंप, शौचालय, प्रतीक्षालय और अन्य यात्री सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मस्थली और प्रसिद्ध बटेश्वर धाम होने के कारण यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को इन सुविधाओं का सीधा लाभ मिलेगा।

विश्व धरोहर स्मारक फतेहपुर सीकरी पहुंचने वाले देश-विदेश के पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर 4.20 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे। यहां प्लेटफॉर्म का विस्तार, शेड, पेयजल, आधुनिक प्रतीक्षालय, सैंड हंप, रेलवे ओवरब्रिज समेत कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
—————–
कारोबार को माल ढुलाई से मिली रफ्तार, कंटेनर लदान 33.3 फीसदी बढ़ा
चार महीनों में करीब 10 लाख टन माल लदान, कंटेनरों से माल भेजने में बढ़ोतरी
आगरा। आगरा के कारोबार को रेलवे की माल ढुलाई से रफ्तार मिल रही है। पिछले चार महीनों के बीच आगरा मंडल में करीब 10 लाख टन माल लदान हुआ। इसमें कंटेनर के जरिए माल भेजने में 33.3 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मंडल से व्यावसायिक सामान को दूसरे शहरों और बड़े बाजारों तक भेजने में रेलवे की भूमिका बढ़ रही है।

आगरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि चार महीनों में मंडल में लगभग एक मिलियन टन माल का लदान हुआ है। कंटेनर श्रेणी में 33.3 फीसदी वृद्धि हुई है। आगरा मंडल से खाद्यान्न, तेल, पेट्रोलियम पदार्थ, इसके अलावा पार्सल से बड़ी मात्रा में लेदर और आयरन गुड्स भी भेजे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पेट्रोलियम पदार्थों की रोजाना तीन रेक आगरा मंडल से भेजी जा रही हैं।

एनसीआर में भी बढ़ा माल लदान
एनसीआर में चार महीनों में 7.24 मिलियन टन माल लदान हुआ। इसमें खाद्यान्न, सीमेंट, कंटेनर, पेट्रोलियम और अन्य वस्तुएं शामिल हैं। कुल लदान में 7.6 फीसदी वृद्धि दर्ज की गई।
दानापुर मंडल में इंटरलॉकिंग से आगरा मंडल की तीन ट्रेनें प्रभावित
आगरा। दानापुर मंडल में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण आगरा मंडल से होकर गुजरने वाली तीन ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। इनमें 15667 गांधीधाम-कामाख्या, 15657 दिल्ली-कामाख्या और 22406 आनंद विहार टर्मिनल-भागलपुर एक्सप्रेस शामिल हैं। बदलाव का असर टूंडला समेत आगरा मंडल के आसपास के स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।
आगरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि 15667 गांधीधाम-कामाख्या एक्सप्रेस 19 और 26 सितंबर को दानापुर-पाटलिपुत्र-हाजीपुर-शाहपुर पटोरी होकर चलेगी।15657 दिल्ली-कामाख्या एक्सप्रेस 20 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ग्रैंड कॉर्ड-किऊल-गया के रास्ते संचालित होगी।
वहीं 22406 आनंद विहार टर्मिनल-भागलपुर एक्सप्रेस 23, 25, 28, 30 सितंबर और 2 अक्टूबर को ग्रैंड कॉर्ड-किऊल-गया होकर जाएगी।
————
बेवजह चेन खींचने पर आगरा मंडल में 1396 पर कार्रवाई
चार महीनों में 1.04 लाख रुपये जुर्माना वसूला
आगरा। मंडल में ट्रेनों को बेवजह रोकने वालों पर रेलवे ने कार्रवाई तेज कर दी है। चार महीनों में अनावश्यक चेन पुलिंग करने के मामले में 1396 लोगों को पकड़ा गया और 1,04,280 रुपये जुर्माना वसूला गया।जुलाई में ही 214 लोगों पर कार्रवाई हुई। इनमें आगरा कैंट के 56, आगरा फोर्ट के 20, अछनेरा के 11 और धौलपुर के 17 लोग शामिल हैं।

आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि जुलाई में पकड़े गए 214 लोगों से 12,550 रुपये जुर्माना वसूला गया। मंडल के वाणिज्य विभाग और रेलवे सुरक्षा बल की टीमें लगातार जांच कर रही हैं। उन्होंने कहा कि चेन पुलिंग का इस्तेमाल केवल वास्तविक आपात स्थिति में किया जाना चाहिए। बिना उचित कारण चेन खींचना रेलवे अधिनियम के तहत अपराध है।
87 हजार से अधिक महिला यात्रियों की हमसफर बनी मेरी सहेली
आगरा। अकेले सफर करने वाली महिलाओं की सुरक्षा के लिए आगरा मंडल में आरपीएफ का मेरी सहेली अभियान चल रहा है। पिछले चार महीनों तक अभियान के तहत 87,366 महिला यात्रियों को सहायता दी गई। मंडल में लंबी दूरी की ट्रेनों में महिला कांस्टेबलों की ड्यूटी लगाई गई है।

आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि महिला यात्रियों की यात्रा की जानकारी शुरुआती स्टेशन से अगले नामित स्टेशनों की आरपीएफ महिला बल को भेजी जाती है। उन्होंने बताया कि ट्रेन पहुंचते ही मेरी सहेली टीम महिलाओं से संपर्क कर उनकी समस्याएं सुनती है और मदद करती है। आगरा मंडल से गुजरने वाली ट्रेनों में महिला बल सुरक्षा जांच भी करता है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान से अकेली यात्रा करने वाली महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।
टिकट जांच में जुलाई में 2.58 करोड़ रुपये जुर्माना वसूला
आगरा। आगरा मंडल में जुलाई में टिकट जांच के दौरान 27,188 यात्रियों से 2.58 करोड़ रुपये जुर्माना वसूला गया। यह पिछले साल जुलाई में मिले 2.17 करोड़ रुपये की तुलना में 19.29 प्रतिशत अधिक है।
आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि 13,955 बिना टिकट यात्रियों से 1.52 करोड़ रुपये, 13,222 अनियमित यात्रियों से 1.06 करोड़ रुपये और 11 यात्रियों से बिना बुक सामान के 4,885 रुपये वसूले गए। उन्होंने बताया कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे और यात्रियों से उचित टिकट लेकर तथा निर्धारित सीमा से अधिक सामान बुक कराकर यात्रा करने की अपील की है।
ट्रेन की हर तकनीकी गड़बड़ी पर रहेगी नजर, सुरक्षित होगा सफर
स्मार्ट स्कैनर से बढ़ेगी यात्रियों की सुरक्षा, हादसों पर लगेगी रोक
आगरा। रेल संरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए आगरा रेल मंडल में ट्रैक पर स्मार्ट स्कैनर लगाने की शुरुआत कर दी गई है। यह अत्याधुनिक प्रणाली गुजरने वाली ट्रेनों के निचले हिस्से की जांच कर तकनीकी खामियों का तुरंत पता लगाएगी।
ऑनलाइन अलर्ट मिलने से समय रहते मरम्मत संभव होगी, जिससे डीरेल जैसी दुर्घटनाओं की आशंका घटेगी और यात्रियों की सुरक्षित व सुगम यात्रा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि यह प्रणाली हॉट एक्सल, ब्रेक बाइंडिंग, व्हील तथा अन्य रोलिंग स्टॉक से जुड़ी किसी भी खराबी का पता लगते ही ऑनलाइन अलर्ट जारी करेगी। इससे संबंधित टीम तुरंत मरम्मत कर ट्रेन को सुरक्षित संचालन के लिए तैयार कर सकेगी।
उन्होंने बताया कि होडल और आगरा-धौलपुर रेलखंड पर मनिया के पास यह प्रणाली स्थापित की जा चुकी है और अब इसे चरणबद्ध तरीके से मंडल के अन्य प्रवेश बिंदुओं पर भी लगाया जाएगा।
रेलवे कर्मचारियों का ई-ड्यूटी पास चेकिंग में जब्त, कर्मचारी संघ ने जांच की मांग की
आगरा। ड्यूटी पर जा रहे रनिंग स्टाफ के पास मौजूद वैध ई-ड्यूटी पास मजिस्ट्रेटी चेकिंग के दौरान जब्त किए जाने से रेलवे कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों में आक्रोश है। संघ ने इसे कर्मचारियों के साथ अनावश्यक कार्रवाई बताते हुए मंडल रेल प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।
उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ के मंडल मंत्री बंशी बदन झा ने बताया कि 1 अगस्त को ओपी सरस्वत (एलपीजी) और अमर सिंह (एएलपी) ट्रेन संख्या 22988 से आगरा छावनी से बिवाई ड्यूटी पर जा रहे थे। नदबई-खैरली के बीच मजिस्ट्रेट चेकिंग में उनके ई-ड्यूटी पास को अमान्य बताते हुए पहचान पत्र जब्त कर लिए गए।
उन्होंने बताया कि 2 अगस्त को राहुल कुमार, देव पाल, अशोक कुमार जाग्गा, ललित कुमार, अतुल कुमार, दिनेश कुमार, अखिलेश बघेल, नरेंद्र कुमार, राजेश कुमार मीणा और कृष्णवीर सिंह को ट्रेन 18237 से पलवल जाना था, लेकिन टीटीई अजय कुमार ने आरक्षित टिकट नहीं होने पर उन्हें यात्रा से रोक दिया। इस संबंध में डीआरएम गगन गोयल को ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की गई है। संघ ने अपने महामंत्री को भी पत्र लिखा है।
उन्होंने कहा कि 12 जुलाई को ऑन ड्यूटी डीएसएस के साथ आरपीएफ कर्मियों की मारपीट की घटना के बाद से कर्मचारियों में मतभेद बने हुए हैं और अभी तक सामंजस्य की स्थिति नहीं बन पाई है। उसके बाद यह मामले सामने आए हैं, जो आपसी तनाव को दर्शाते हैं।
वीआईपी लॉज हुआ हाईटेक, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
आगरा। कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित वीआईपी लॉज का अत्याधुनिक नवीनीकरण पूरा हो गया है। अब यहां विशिष्ट अतिथियों के साथ यात्रियों को भी अधिक आरामदायक, स्वच्छ और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि यात्री सुविधाओं के विस्तार, स्टेशनों के सौंदर्यीकरण और विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित करने के क्रम में लॉज का आधुनिक स्वरूप में नवीनीकरण कराया गया है। उन्होंने बताया कि लॉज में आकर्षक इंटीरियर, फॉल्स सीलिंग, एलईडी लाइटिंग, आरामदायक सोफा सेट, सेंटर टेबल, उच्च गुणवत्ता की फ्लोरिंग, एयर कंडीशनिंग, एलईडी टीवी, पर्याप्त लाइटिंग तथा स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि यह विशिष्ट अतिथियों और सामान्य यात्रियों दोनों के लिए बेहतर अनुभव देगा।
