फतेहाबाद। फतेहाबाद में आयोजित समाजवादी पार्टी के ब्राह्मण सम्मेलन में सांसद सनातन पांडे ने भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने ब्राह्मण समाज की भूमिका, शिक्षा, कानून व्यवस्था, अर्थव्यवस्था और राजनीति से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी बात रखी। सम्मेलन में सपा नेताओं ने भी ब्राह्मण समाज को सम्मान देने का दावा करते हुए पार्टी की नीतियों को रखा।

समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित ब्राह्मण सम्मेलन में सांसद सनातन पांडे ने भाजपा सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण इस देश की दिशा और दशा तय करता है। ब्राह्मण सत्ता का भूखा नहीं होता, बल्कि यह तय करता है कि सत्ता पर कौन योग्य व्यक्ति बैठेगा। उन्होंने कहा कि आचार्य चाणक्य ने जंगल में एक बच्चे को खोजकर उसे मगध का शासक बनाया था। यदि चाणक्य चाहते तो स्वयं भी राजा बन सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।
सनातन पांडे ने कहा कि भाजपा सरकार स्कूलों को बंद कर रही है, जबकि घर-घर और गली-मोहल्लों में शराब की दुकानें खोली जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गुजरात से आए चार लोग देश चला रहे हैं। उनके अनुसार इनमें दो लोग देश को बेच रहे हैं और दो लोग देश को खरीद रहे हैं तथा इन्हीं के इर्द-गिर्द देश की राजनीति संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे का बंदरबांट किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि देश के 52 लाख करोड़ रुपये प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के सहयोगी बताए गए 10 लोग लेकर फरार हो गए, लेकिन भाजपा सरकार आज तक उन्हें पकड़ नहीं पाई। उन्होंने कहा कि सरकार बनने से पहले विदेशों से काला धन वापस लाकर प्रत्येक व्यक्ति के खाते में 15-15 लाख रुपये भेजने का वादा किया गया था, लेकिन वह पूरा नहीं हुआ।
सपा सांसद ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने भगवान परशुराम जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था, लेकिन भाजपा सरकार बनने के बाद उस अवकाश को समाप्त कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ब्राह्मण विरोधी है और अब तक 38 ब्राह्मणों के एनकाउंटर किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जानबूझकर ब्राह्मण समाज को निशाना बना रही है।
सनातन पांडे ने बहुजन समाज पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि बसपा भाजपा की सहयोगी पार्टी है और हर चुनाव में भाजपा का सहयोग करती है। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में ब्राह्मण समाज के सहयोग से सपा और बसपा की सरकार बनी थी। इसी को देखते हुए भाजपा ने भी ब्राह्मणों के सहयोग से सरकार बनाई, लेकिन सत्ता में आने के बाद सबसे अधिक ब्राह्मणों के एनकाउंटर किए गए।
उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को गोली मारने का अधिकार पुलिस को नहीं है। उनके अनुसार यह अधिकार न्यायपालिका का है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पुलिस के माध्यम से लोगों की हत्याएं कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो ब्राह्मण समाज को उचित स्थान और सम्मान दिया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा नेता राजेश शर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में ही ब्राह्मण समाज का सम्मान सुरक्षित रहा था और आज पूरे देश का ब्राह्मण समाज समाजवादी पार्टी के साथ है।
ब्राह्मण सम्मेलन में महेश सिसोदिया, सुधीर दुबे, श्रीकृष्ण वर्मा, सौरभ शर्मा, शैलेश यादव, शिवकुमार शर्मा (प्रधान), राजेश शर्मा, इंद्रजीत मुखिया और आशीष शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

