आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित पूर्व गणतंत्र दिवस शिविर (मध्य क्षेत्र) 2026 के सातवें दिन स्वयंसेवकों ने परेड और सांस्कृतिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा दिखाई। दिन की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई, जिसमें विभिन्न राज्यों से आए स्वयंसेवकों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
इसके बाद योगाभ्यास और नियमित शारीरिक गतिविधियां हुईं। इनके माध्यम से स्वयंसेवकों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने का संदेश दिया गया।
प्रातःकालीन गतिविधियों के बाद पहले सत्र में बालिका स्वयंसेवकों की परेड चयन प्रक्रिया हुई। इसमें स्वयंसेविकाओं ने अनुशासन, कदमताल, शारीरिक संतुलन, एकाग्रता और सामूहिक समन्वय का प्रदर्शन किया। चयन के दौरान उनकी परेड दक्षता और निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया।https://todaynewstrack.com/2026/11/agra-republic-day-parade-selection-camp-volunteers-marching-2026-todaynewstrack/
दूसरे सत्र में बालक स्वयंसेवकों की परेड चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। विभिन्न राज्यों से आए स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह के साथ परेड में हिस्सा लिया। इस दौरान अनुशासन, शारीरिक क्षमता, लयबद्ध कदमताल, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को परखा गया। दोनों सत्रों में स्वयंसेवकों ने गणतंत्र दिवस परेड के लिए अपनी तैयारी और प्रतिबद्धता का परिचय दिया।

कार्यक्रम समन्वयक डॉ. पूनम तिवारी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में शिविर की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। स्वयंसेवकों की प्रतिभा निखारने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर के मंच के लिए तैयार करने के साथ उनमें अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर ध्यान दिया जा रहा है।

शाम को शिविर परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। इसके तहत बालिका स्वयंसेवकों की सांस्कृतिक चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। विभिन्न राज्यों से आई स्वयंसेविकाओं ने पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत और नृत्य के माध्यम से अपने-अपने राज्यों की लोक संस्कृति और परंपराओं की झलक प्रस्तुत की। अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए भी भारत की विविधतापूर्ण विरासत को दर्शाया।http://pre-republic-day-camp-central-zone-2026-agra-university-parade
सांस्कृतिक चयन के दौरान प्रतिभागियों की प्रस्तुति, अभिव्यक्ति, मंच कौशल, सांस्कृतिक मौलिकता और सामूहिक समन्वय का मूल्यांकन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से स्वयंसेविकाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। साथ ही ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना भी देखने को मिली।

शिविर में डॉ. हेमलता, अश्वनी, रोशन सिंह, शिव कुमार मिश्रा, शिवम सारस्वत, कादिर और उत्कर्ष की सहभागिता रही। विभिन्न राज्यों से आए कार्यक्रम अधिकारियों में बिहार से डॉ. राजेश कुमार मिश्रा, झारखंड से कुमार प्रशांत भारती, छत्तीसगढ़ से डॉ. हिमानी तिवारी, उत्तराखंड से डॉ. प्रतिभा शाह और उत्तर प्रदेश से डॉ. अंजलि शर्मा शामिल रहे।
