आगरा। फतेहपुर सीकरी आने वाले पर्यटक अब सूर्यास्त के बाद भी मुगलकालीन इतिहास और स्थापत्य कला से रूबरू हो सकेंगे। यहां दीवान-ए-आम में लाइट एंड साउंड शो और पाथवे इल्यूमिनेशन की सुविधा शुरू हो गई है। वहीं यमुना किनारा रोड पर यमुना बैंक की ओर स्थित प्राचीन काली माता मंदिर के पास पार्क का भी नए सिरे से विकास किया गया है। यहां गणेश और मॉडर्न आर्ट की मूर्तियां लगाने के साथ ओपन जिम, पौधारोपण और आकर्षक स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। शुक्रवार को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दोनों परियोजनाओं का लोकार्पण कर इन्हें आमजन को समर्पित किया। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री पर्यटन विकास सहभागिता योजना के तहत आगरा विकास प्राधिकरण ने दोनों परियोजनाएं विकसित की हैं। इन पर कुल 12 करोड़ चार लाख 71 हजार रुपये खर्च हुए हैं।

फतेहपुर सीकरी में लाइट एंड साउंड शो और पाथवे इल्यूमिनेशन पर 9 करोड़ 26 लाख 60 हजार रुपये खर्च किए गए हैं। इस परियोजना के तहत प्रोजेक्शन मैपिंग, प्रोजेक्टर, फसाड लाइट और पाथवे लाइटें लगाई गई हैं। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की अनुमति के अनुसार दीवान-ए-आम में यह कार्य कराया गया है। परियोजना की कुल निविदा लागत जीएसटी सहित 926.60 लाख रुपये है। इसमें 50 प्रतिशत धनराशि राज्य सरकार एवं पर्यटन विभाग और शेष 50 प्रतिशत आगरा विकास प्राधिकरण ने पथकर निधि से खर्च की है। प्राधिकरण अगले तीन वर्ष तक इसका अनुरक्षण और संचालन करेगा।

फतेहपुर सीकरी आगरा से करीब 35 किलोमीटर दूर पहाड़ी पर बसा ऐतिहासिक नगर है। वर्ष 1527 तक यह सिकरवार राजपूतों की रियासत था। बाद में सूफी संत शेख सलीम चिश्ती से प्रभावित होकर अकबर ने वर्ष 1571 में अपनी राजधानी आगरा से फतेहपुर सीकरी स्थानांतरित कर दी और यहां कई इमारतों का निर्माण कराया। विभिन्न कारणों से वर्ष 1585 में राजधानी फतेहपुर सीकरी से लाहौर स्थानांतरित कर दी गई और अकबर यहां से चला गया। बाद में अंग्रेजों ने इन इमारतों का इस्तेमाल प्रशासनिक भवनों के रूप में किया। वर्तमान में ये इमारतें विश्व धरोहर के रूप में पंजीकृत हैं और इनका रखरखाव एएसआई के अधीन है।
यहां प्रतिदिन हजारों पर्यटक ऐतिहासिक इमारतों को देखने पहुंचते हैं, लेकिन शाम के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होने के कारण पर्यटक सूर्यास्त से पहले ही लौट जाते थे। अब लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से फतेहपुर सीकरी के इतिहास को रोशनी और ध्वनि के जरिए जीवंत किया जाएगा। पर्यटन मंत्री ने कहा कि इस सुविधा से आगरा और फतेहपुर सीकरी में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। पर्यटक यहां अधिक समय बिताएंगे और उनके रात्रि प्रवास में भी वृद्धि होगी।
काली माता मंदिर के पास पार्क में गणेश और मॉडर्न आर्ट की मूर्तियां
यमुना किनारा रोड पर यमुना बैंक की ओर स्थित प्राचीन काली माता मंदिर के पास पहले से एक पार्क था, लेकिन उसकी हालत जर्जर हो चुकी थी। मंदिर परिसर के आसपास श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगरा विकास प्राधिकरण ने इसका सौंदर्यीकरण कराया है। इस कार्य पर जीएसटी सहित 278.11 लाख रुपये यानी करीब 2 करोड़ 78 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इसमें 50 प्रतिशत धनराशि राज्य सरकार एवं पर्यटन विभाग और शेष 50 प्रतिशत नगर निगम आगरा ने खर्च की है।
पार्क में गणेश स्कल्पचर्स और मॉडर्न आर्ट स्कल्पचर्स स्थापित किए गए हैं। ये मूर्तियां श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगी। सुबह-शाम यमुना किनारा क्षेत्र में टहलने आने वाले लोगों और मंदिर में दर्शन करने पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिसर के पास आधुनिक ओपन जिम भी बनाया गया है। मंदिर के आसपास पौधारोपण कर हरियाली विकसित की गई है। रात में रोशनी के लिए आकर्षक स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं।
आगरा में 442 करोड़ से पूरी हुईं 70 पर्यटन परियोजनाएं
लोकार्पण समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के विकास पर काम किया है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी में बाबा विश्वनाथ मंदिर और उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर का विकास कराया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने छोटा काशी कहे जाने वाले बटेश्वर नाथ मंदिर का भव्य स्वरूप विकसित किया और आगरा के प्राचीन शिव मंदिरों के संरक्षण का काम कराया है। उन्होंने कहा कि अब मथुरा की बारी है। पर्यटन मंत्री का आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में पर्यटन विभाग इतिहास के साथ विरासत को भी संजोने का काम कर रहा है।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार विरासत के सम्मान के साथ विकास के कार्य कर रही है। आगरा में अब तक 442 करोड़ रुपये की लागत से 70 पर्यटन परियोजनाएं पूरी की जा चुकी हैं। इनमें आगरा के प्राचीन शिव मंदिर, बटेश्वर नाथ मंदिर श्रृंखला और कैलाश मंदिर से जुड़े कार्य शामिल हैं। आगामी माह में पर्यटन विभाग 46 करोड़ रुपये की लागत वाली 16 से अधिक परियोजनाओं का शिलान्यास करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास के मामले में आगरा अग्रणी है और जिले के लिए विकास कार्य प्राथमिकता पर किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के साथ ईको टूरिज्म को भी बढ़ावा दे रही है। उनके अनुसार उत्तर प्रदेश देश में सबसे अधिक पर्यटकों को आकर्षित करने वाला राज्य है। प्रदेश में 164 करोड़ पर्यटक आए हैं। आगरा में पर्यटकों का रात्रि प्रवास बढ़ाने के लिए लाइट एंड साउंड शो जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसके साथ ही मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी जैसे जिलों में भी पर्यटन स्थलों का विकास कर पर्यटकों को एक पूरा पर्यटन पैकेज उपलब्ध कराने की योजना है।
पर्यटकों के अधिक दिन रुकने से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
पत्रकार वार्ता में पर्यटन मंत्री ने कहा कि पर्यटन आगरा की अर्थव्यवस्था, रोजगार सृजन और राजस्व वृद्धि का महत्वपूर्ण माध्यम है। एक पर्यटक कम से कम छह लोगों की आजीविका और रोजगार का आधार बनता है। पर्यटक जितने अधिक दिन किसी स्थान पर रुकेंगे, स्थानीय अर्थव्यवस्था को उतना ही लाभ मिलेगा। पहले आगरा आने वाले पर्यटक ताजमहल देखने के बाद सीधे जयपुर चले जाते थे। इससे आगरा में उनका प्रवास सीमित रहता था। अब आगरा और आसपास के जिलों में पर्यटन स्थलों का विकास कर उनके ठहरने की अवधि बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि फतेहपुर सीकरी में लाइट एंड साउंड शो और पाथवे इल्यूमिनेशन शुरू होने से पर्यटक ऐतिहासिक स्मारक के वैभव और इतिहास को नए अनुभव के साथ देख सकेंगे। इससे पर्यटन आकर्षण बढ़ने के साथ स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी लाभ मिलेगा।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि चंबल क्षेत्र में ईको टूरिज्म डेस्टिनेशन विकसित करने, बटेश्वर के मंदिरों का विकास करने और नीम करौली महाराज से जुड़े स्थलों को पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। उत्तराखंड सरकार के साथ मिलकर कैंची धाम और फिरोजाबाद के अकबरपुर को जोड़कर बाबा नीम करौरी पर्यटन सर्किट बनाने की तैयारी है। इससे आगरा सहित आसपास के जिलों में पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी। प्रयास है कि आगरा आने वाले पर्यटक आसपास के जिलों के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करें और दो से तीन दिन तक यहां रुकें। इससे स्थानीय व्यापार, रोजगार और राजस्व में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर भ्रमण अनुभव देने में गाइडों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।http://`https://todaynewstrack.com/fatehpur-sikri-light-and-sound-show-night-tourism-agra-up-todaynewstrack/`
कार्यक्रम में एडीए उपाध्यक्ष विजय कुमार, एडीए सचिव संजय कुमार सिंह, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह, जितेंद्र फौजदार, प्रमोद चाहर और ओमकांत डागुर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
