फतेहाबाद। मूसलाधार बारिश के बीच पशुपालन विभाग की एंबुलेंस निर्माणाधीन नाले में धंस गई। अस्पताल तक आवागमन के लिए नाले पर डाली गई मिट्टी बारिश में नरम होने से यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों और अस्पताल कर्मियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद एंबुलेंस को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना के बाद लोगों ने अस्पताल मार्ग से मिट्टी हटाकर सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था कराने की मांग की।
बुधवार को फतेहाबाद स्थित पशु चिकित्सालय से निकलते समय पशुपालन विभाग की एंबुलेंस निर्माणाधीन नाले में फंस गई। घटना उस समय हुई, जब अस्पताल तक वाहनों के आवागमन के लिए निर्माणाधीन नाले पर अस्थायी रूप से मिट्टी डालकर रास्ता बनाया गया था।
बुधवार को हुई मूसलाधार बारिश के कारण कस्बे में नगर पंचायत की ओर से नाला निर्माण के लिए खोदी गई मिट्टी, जो सड़क पर पड़ी थी, पूरी तरह नरम हो गई। इसी दौरान पशुपालन विभाग की एंबुलेंस अस्पताल से निकलकर उस रास्ते से गुजरने लगी। जैसे ही वाहन मिट्टी वाले हिस्से पर पहुंचा, जमीन धंस गई और एंबुलेंस का पहिया निर्माणाधीन नाले में फंस गया। इससे एंबुलेंस बीच रास्ते में ही रुक गई।
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल के कर्मचारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर काफी देर तक प्रयास किए, जिसके बाद कड़ी मशक्कत से एंबुलेंस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने अस्पताल तक जाने वाले मार्ग की स्थिति पर चिंता जताई। उनका कहना है कि निर्माणाधीन नाले के कारण सड़क पर पड़ी मिट्टी को जल्द साफ कराया जाए, ताकि बारिश के दौरान इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और अस्पताल आने-जाने वाले वाहनों, विशेषकर आपातकालीन सेवाओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

