आगरा। आगरा मेट्रो अब सिर्फ सफर का साधन नहीं, बल्कि कारोबार बढ़ाने का भी बड़ा प्लेटफॉर्म बनने जा रही है। यूपी मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) ने शहर के प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर को-ब्रांडिंग, स्टेशन के अंदर विज्ञापन, व्यावसायिक आउटलेट, फूड जॉइंट, रेस्टोरेंट और अस्थायी स्टॉल के लिए टेंडर जारी किए हैं। पर्यटन स्थलों से जुड़े स्टेशनों पर कारोबारियों को अपने ब्रांड की पहचान लाखों यात्रियों और पर्यटकों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। इच्छुक व्यक्ति और संस्थाएं 4 अगस्त तक आवेदन कर सकती हैं।

आगरा मेट्रो यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक यात्रा का अनुभव देने के साथ-साथ व्यापार और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भी नए अवसर उपलब्ध करा रही है। इसी क्रम में यूपी मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) ने आगरा मेट्रो के विभिन्न स्टेशनों पर को-ब्रांडिंग स्पेस, स्टेशन के अंदर विज्ञापन, व्यावसायिक आउटलेट, फूड जॉइंट, रेस्टोरेंट तथा अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए टेंडर जारी किए हैं। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और कारोबारियों को अपने ब्रांड की पहुंच बढ़ाने के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है।

आगरा देश के प्रमुख पर्यटन शहरों में शामिल है, जहां हर वर्ष लाखों देशी और विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए ताजमहल, डॉ. अंबेडकर चौक और मनकामेश्वर मेट्रो स्टेशनों पर को-ब्रांडिंग स्पेस और स्टेशन के अंदर विज्ञापन अधिकारों के लिए निविदाएं जारी की गई हैं। इन स्टेशनों पर अपने ब्रांड का नाम जोड़कर कंपनियां और कारोबारी बड़ी संख्या में यात्रियों और पर्यटकों तक सीधे पहुंच बना सकेंगे। इसके साथ ही एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी, आरबीएस कॉलेज और आईएसबीटी मेट्रो स्टेशनों के लिए भी को-ब्रांडिंग टेंडर जारी किए गए हैं। प्रथम कॉरिडोर के ताज ईस्ट गेट, कैप्टन शुभम गुप्ता, ताजमहल, डॉ. अंबेडकर चौक, मनकामेश्वर, मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी, आरबीएस कॉलेज और आईएसबीटी मेट्रो स्टेशनों पर सह-ब्रांडिंग और स्टेशन के अंदर विज्ञापन अधिकारों के लाइसेंस के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
यूपीएमआरसी सभी मेट्रो स्टेशनों पर प्रतिष्ठित व्यावसायिक ब्रांडों के आउटलेट, फूड जॉइंट, रेस्टोरेंट और अन्य सुविधाएं विकसित करने की दिशा में भी तेजी से काम कर रहा है। इसके लिए व्यावसायिक स्थानों की निविदा प्रक्रिया पहले ही शुरू की जा चुकी है। इससे यात्रियों को एक ही स्थान पर खरीदारी और खान-पान जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी, जबकि कारोबारियों को अपने व्यवसाय का विस्तार करने का नया अवसर मिलेगा।
इच्छुक व्यक्ति और संस्थाएं को-ब्रांडिंग, विज्ञापन और व्यावसायिक आउटलेट से संबंधित विस्तृत जानकारी यूपीएमआरसी की आधिकारिक वेबसाइट www.upmetrorail.com पर प्राप्त कर सकते हैं। इन निविदाओं के लिए आवेदन (बोली) 4 अगस्त 2026 तक जमा किए जा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए pdupmrc@upmrcl.co.in पर संपर्क किया जा सकता है। किसी भी अन्य जानकारी के लिए इच्छुक आवेदक अपने नजदीकी मेट्रो स्टेशन पर तैनात यूपीएमआरसी कर्मचारियों से भी संपर्क कर सकते हैं।
आगरा मेट्रो ने अस्थायी स्टॉल लगाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। इसके तहत पुस्तक मेले, गैर सरकारी संगठन (एनजीओ), स्वयं सहायता समूह तथा अन्य व्यावसायिक संस्थाएं मेट्रो स्टेशनों पर निर्धारित अवधि के लिए स्टॉल लगा सकेंगी। गैर सरकारी संगठन और स्वयं सहायता समूह 1000 रुपये प्रतिदिन (सभी करों सहित) के शुल्क पर स्टॉल स्थापित कर सकते हैं, जबकि व्यावसायिक संस्थाओं के लिए यह शुल्क 1250 रुपये प्रतिदिन निर्धारित किया गया है। इसके अलावा आयोजकों को मेट्रो स्टेशनों पर प्रति वर्ग फुट के आधार पर निर्धारित शुल्क देकर पुस्तक मेले, प्रदर्शनियां और अन्य आयोजन करने की भी सुविधा मिलेगी। इससे सामाजिक, शैक्षिक और व्यावसायिक गतिविधियों को नया मंच मिलेगा। इस संबंध में अधिक जानकारी agrametropr@upmrcl.co.in पर प्राप्त की जा सकती है।
यूपीएमआरसी का उद्देश्य आगरा मेट्रो को केवल एक आधुनिक सार्वजनिक परिवहन प्रणाली तक सीमित न रखकर उसे ऐसा बहुउद्देशीय केंद्र बनाना है, जहां यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलें और कारोबारियों को अपने ब्रांड और व्यवसाय को नई ऊंचाई देने का अवसर प्राप्त हो। पर्यटन नगरी होने के कारण आगरा मेट्रो के स्टेशनों पर मिलने वाला यह व्यावसायिक मंच स्थानीय व्यापारियों के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सकता है।
