श्री अग्रवाल संघ की प्रेस वार्ता में पदाधिकारियों ने कहा—मंत्री के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा
सपा की संस्कृति पर टिप्पणी को वैश्य समाज से जोड़ना गलत
आगरा। कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय की टिप्पणी को लेकर वैश्य समाज के पदाधिकारी उनके समर्थन में उतर आए हैं। प्रताप नगर स्थित बुर्जी वाला हनुमान मंदिर में आयोजित प्रेस वार्ता में पदाधिकारियों ने कहा कि मंत्री के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है।
श्री अग्रवाल संघ के टीएन अग्रवाल और गौरव बंसल ने कहा कि सपा के कुछ लोग चुनावी हार से निराश होकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं। मंत्री की टिप्पणी को वैश्य समाज के विरोध में बताना गलत है।https://todaynewstrack.com/2026/10/yogendra-upadhyay-vaishya-samaj-support-agra/
कपड़ा, सराफा, पेठा, लोहा और इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार से जुड़े वैश्य समाज के पदाधिकारियों ने सपा शासन पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में बूथ कैप्चरिंग आम बात थी और अपहरण व फिरौती की घटनाओं का शिकार वैश्य समाज के लोग भी होते रहे।
पदाधिकारियों ने चौथ वसूली, हफ्ता वसूली, लूट, डकैती, छिनैती और जमीन-मकान व दुकानों पर कब्जे जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए सपा की कार्यशैली पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाने वाले लोग वैश्य समाज के प्रतिनिधि नहीं बन सकते।
राजेश अग्रवाल, मनोज गर्ग और राजकुमार अग्रवाल ने कहा कि सपा कभी मुस्लिम-यादव यानी एमवाई तो कभी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के नाम पर राजनीति करती है। उनके मुताबिक सपा के राजनीतिक एजेंडे में वैश्य समाज के हितों को जगह नहीं मिलती।
उन्होंने कहा कि सपा की विचारधारा से जुड़े लोग वैश्य समाज के हितैषी बनने का दावा न करें। राजनीतिक लाभ के लिए बयानबाजी कर समाज को गुमराह करने की कोशिश भी बंद होनी चाहिए।
पदाधिकारियों ने कहा कि योगेंद्र उपाध्याय 15 वर्षों तक शहर से विधायक रहे हैं और वैश्य समाज की मदद के लिए खड़े होते रहे हैं। ऐसे में उन्हें बेवजह बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।
ओएस गर्ग, बीएस गर्ग, विनय बंसल, शशिकांत और राकेश अग्रवाल ने भी वैश्य समाज के लोगों से राजनीतिक लाभ के लिए बयानबाजी करने वालों से सावधान रहने की अपील की।
प्रेस वार्ता में सुनील मित्तल, राजेश अग्रवाल, संदीप गुप्ता, राजीव गुप्ता, नंदनंदन गर्ग, राजेश जिंदल, पुरुषोत्तम, राकेश बंसल, आलोक जैन, नवीन अग्रवाल, मोहन गर्ग, अजय बिहारी और दुष्यंत अग्रवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।http://vaishya-samaj-backs-yogendra-upadhyay-spa-controversy-agra
क्या है मामला
पत्रकार ने मंत्री योगेंद्र उपाध्याय से सवाल किया था कि सपा प्रत्याशी और सपा के लोग भाजपा पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगा रहे हैं। इस पर उनका क्या कहना है?
जवाब में मंत्री ने कहा था, “सपा के लोग भाजपा पर बूथ कैप्चर का आरोप लगा रहे हैं!! वाह!! यह तो ठीक उसी प्रकार हुआ, मानो कोई वैश्या किसी सती पर उंगली उठाए।”
श्री अग्रवाल संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि मंत्री की टिप्पणी किसी व्यक्ति विशेष या वर्ग विशेष के बारे में नहीं थी। उनके मुताबिक यह सपा की संस्कृति पर निशाना साधते हुए आरोप के जवाब में कही गई थी। इसलिए इसे वैश्य समाज के विरोध में बताना गलत है।
