• Wed. Jun 10th, 2026

TODAY NewsTrack

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Fatehabad News: ट्रक चालक की संदिग्ध मौत, कोल्ड स्टोरेज के पास मिला शव

Truck driver found dead near his truck outside a cold storage on Fatehabad Agra road in Agra districtघटना की जानकारी पर मौके पर पहुंची पुलिस जानकारी करती हुई
Spread the love

फतेहाबाद। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के फतेहाबाद-आगरा मार्ग स्थित एक कोल्ड स्टोरेज के पास मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रक चालक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में चालक की मौत ब्रेन हेमरेज या किसी अन्य बीमारी से होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान के गांव मांगरोल निवासी शिवकुमार राठौर (28 वर्ष) पुत्र महेश कुमार सोमवार शाम ट्रक में भरी चूड़ियों को फिरोजाबाद में खाली करके फतेहाबाद पहुंचा था। बताया गया कि वह रात में फतेहाबाद स्थित एक पेट्रोल पंप पर रुका था। मंगलवार सुबह वह थाना फतेहाबाद क्षेत्र के फतेहाबाद-आगरा मार्ग स्थित एक कोल्ड स्टोरेज पर ट्रक में आलू लोड कर भोपाल ले जाने के लिए पहुंचा था।

कोल्ड स्टोरेज कर्मचारियों के अनुसार ट्रक चालक सुबह नहाया था तथा उसने अपने कपड़े भी धोए थे। इसके बाद ट्रक को आलू लोडिंग के लिए कोल्ड स्टोरेज परिसर में लगाया गया। कर्मचारियों ने बताया कि ट्रक में पहले से कांच के टुकड़े भरे हुए थे। इस पर मजदूरों ने चालक से कहा कि पहले ट्रक में भरे कांच के टुकड़ों को बाहर खाली कर दें, उसके बाद आलू की लोडिंग की जाएगी।

बताया गया कि चालक सुबह करीब 11:52 बजे ट्रक लेकर कोल्ड स्टोरेज से बाहर निकला था। कुछ समय बाद वह ट्रक के पास ही अचेत अवस्था में पड़ा मिला। चालक को पड़ा देख कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंच गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा कि चालक की नाक से खून बह रहा था। इसके बाद पुलिस ने चालक को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया चालक की मौत ब्रेन हेमरेज या किसी अन्य बीमारी के कारण होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस का कहना है कि शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं।

एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद ने बताया कि सीएचसी के चिकित्सकों के अनुसार युवक की मौत संभवत: ब्रेन हेमरेज या किसी अन्य बीमारी के कारण हो सकती है। उन्होंने बताया कि युवक की नाक से खून निकला था, लेकिन शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं पाए गए हैं। फिलहाल कोई संदिग्ध बात सामने नहीं आई है।

उन्होंने यह भी बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से भी युवक की मौत को लेकर किसी प्रकार की अप्रिय आशंका व्यक्त नहीं की गई है तथा न ही कोई तहरीर दी गई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *