फतेहाबाद। फतेहाबाद में रोडवेज बसों की मनमानी का एक और मामला सामने आया है। आगरा से फतेहाबाद आ रही भदावर-बाह डिपो की बस में यात्री को बस स्टैंड तक का किराया लेने के बावजूद बीच रास्ते उतारने का आरोप लगा। आरएम के निर्देश के बाद भी बस के बस स्टैंड तक न पहुंचने पर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची।

रोडवेज बसों के चालक-परिचालकों की मनमानी का मामला एक बार फिर चर्चा में है। आगरा से फतेहाबाद आ रही भदावर-बाह डिपो की बस में शनिवार शाम एक यात्री ने आरोप लगाया कि उससे फतेहाबाद बस स्टैंड तक का किराया लिया गया, लेकिन बस को बस स्टैंड ले जाने के बजाय अवंतीबाई तिराहे के पास ही उतारने का प्रयास किया गया।

यात्री ने विरोध करते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक आगरा और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक बाह को फोन पर शिकायत की। शिकायत के बाद आरएम की ओर से बस को फतेहाबाद बस स्टैंड तक ले जाने के निर्देश दिए गए, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद बस बाईपास मार्ग पर आगे बढ़ती रही और बस स्टैंड तक नहीं पहुंची।

स्थिति बिगड़ने पर चालक ने डायल-112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनी। यात्री ने पुलिस को बताया कि उसने बस स्टैंड तक का टिकट लिया है और उसे निर्धारित स्थान पर ही उतारा जाए। इस पर पुलिस ने चालक-परिचालक को यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की नसीहत दी।
इससे पहले भी क्षेत्र में इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं और कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक भदावर-बाह डिपो ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित चालक और परिचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले भी एक मामले में कार्रवाई करते हुए आर्थिक दंड लगाया जा चुका है।

