आगरा। शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता के बलिदान दिवस पर 22 नवंबर को सूरसदन प्रेक्षागृह में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन ‘ऐ वतन तेरे लिए’ आयोजित किया जाएगा। दोपहर दो बजे होने वाले इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
देश के छह शहरों से आए कवि राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रचनाएं प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम में शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता के जीवन, सैन्य सफर और बलिदान पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई जाएगी। आयोजन को लेकर कैप्टन शुभम फाउंडेशन और भारत विकास परिषद की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।https://todaynewstrack.com/2026/11/shaheed-captain-shubham-gupta-national-poet-conference-agra/
कैप्टन शुभम फाउंडेशन एवं भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित इस राष्ट्रीय कवि सम्मेलन के आमंत्रण पत्र का बृहस्पतिवार को संजय प्लेस स्थित आहार रेस्टोरेंट में विमोचन किया गया। इस दौरान संस्था के पदाधिकारी मौजूद रहे।
फाउंडेशन के संस्थापक और शहीद कैप्टन शुभम के पिता एडवोकेट बसंत गुप्ता ने बताया कि देश के प्रति कैप्टन शुभम का समर्पण, अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान हमेशा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उनकी स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने और नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए संस्था के सदस्य सामाजिक, धार्मिक और व्यावसायिक संगठनों के लोगों से लगातार संपर्क कर रहे हैं। डॉ. केशवदत्त गुप्ता और डॉ. तरुण शर्मा ने बताया कि कवि सम्मेलन में देश के अलग-अलग शहरों से आए कवि अपनी ओजस्वी और भावपूर्ण रचनाओं से श्रोताओं में देशभक्ति का जज्बा जगाएंगे।
जबलपुर (मध्य प्रदेश) से सुदीप भोला, भोपाल से पवन जैन, दिल्ली से प्रवीण शुक्ला, लखनऊ से डॉ. कविता तिवारी, इटावा से गौरव चौहान और इंदौर (मध्य प्रदेश) से एकाग्र शर्मा काव्य पाठ करेंगे। उनकी कविताओं में वीर जवानों के त्याग, बलिदान और मातृभूमि के प्रति समर्पण को स्वर दिया जाएगा।
प्रमोद अग्रवाल और विनय सिंघल ने बताया कि कार्यक्रम में शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
इसमें उनके जीवन, देशसेवा के प्रति समर्पण, सैन्य सफर और सर्वोच्च बलिदान से जुड़ी स्मृतियों को दिखाया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को उनके व्यक्तित्व और देश के लिए किए गए त्याग से परिचित कराना है।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि होंगे। आयोजकों के अनुसार, सूरसदन में करीब दो हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। http://agra-shaheed-captain-shubham-gupta-ae-watan-tere-liye-kavi-sammelan
आमंत्रण पत्र विमोचन के अवसर पर राजीव अग्रवाल, टीटू गोयल, धर्मगोपाल मित्तल, मुकेश मित्तल, तपन अग्रवाल, सीए विवेक अग्रवाल, उमेश बंसल, चन्द्रवीर सिंह, जितेंद्र बंसल, केके अग्रवाल, मनीष जैन और संजीव दौनेरिया आदि मौजूद रहे।
