आगरा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (एसएनएमसी) में रविवार को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्य प्रो. (डॉ.) प्रशांत गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आगरा उत्तर के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल शामिल हुए। योग विशेषज्ञ परमजीत सरना और योगाचार्या रेखा भटेले ने प्रतिभागियों को योग के महत्व और उसके व्यावहारिक लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम में संकाय सदस्यों, रेजिडेंट चिकित्सकों, एमबीबीएस एवं नर्सिंग विद्यार्थियों के साथ बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भी भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ पौधारोपण एवं पौधा भेंट कर किया गया। इसके बाद आयोजित योग सत्र में प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों के निर्देशन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान क्रियाओं का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ मानसिक तनाव से भी मुक्ति दिलाता है।
मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य विरासत है, जो आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रही है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि मन, शरीर और आत्मा को जोड़ने वाला विज्ञान है। यदि प्रत्येक व्यक्ति योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना ले तो स्वस्थ, ऊर्जावान और रोगमुक्त समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए सभी को नियमित योग करने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।

प्राचार्य प्रो. (डॉ.) प्रशांत गुप्ता ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में कार्यरत चिकित्सकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों पर कार्य का अत्यधिक दबाव रहता है। ऐसे वातावरण में मानसिक और शारीरिक संतुलन बनाए रखना चुनौतीपूर्ण होता है। योग इस चुनौती का प्रभावी समाधान है। उन्होंने कहा कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन और कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
योगाचार्य परमजीत सरना ने योग को शरीर और मन के बीच संतुलन स्थापित करने वाली प्रक्रिया बताया। वहीं योगाचार्या रेखा भटेले ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और जीवन में सकारात्मकता आती है। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योग क्रियाओं की उपयोगिता भी समझाई।
योग दिवस समारोह के अंतर्गत आयोजित पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन प्रतियोगिता तथा बेस्ट योगा पोज प्रतियोगिता के विजेताओं को अतिथियों ने प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रतिभागियों ने इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और योग के प्रति अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 15 जून से 21 जून तक कॉलेज में “वाई-ब्रेक एट वर्कप्लेस” कार्यक्रम भी चलाया गया, जिसका समापन रविवार को हुआ। इस पहल के तहत कॉलेज के विभिन्न विभागों में प्रतिदिन पांच से सात मिनट के लघु योग सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यस्त कार्यशैली के बीच चिकित्सकों, शिक्षकों और कर्मचारियों को तनावमुक्त रखते हुए कार्य क्षमता में वृद्धि करना था। प्रतिभागियों ने इस पहल को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम जारी रखने की आवश्यकता जताई।
इस संपूर्ण आयोजन का मुख्य समन्वयन शरीर क्रिया विज्ञान विभागाध्यक्ष एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की नोडल अधिकारी डॉ. दिव्या श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम का संचालन सूक्ष्मजीव विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. अंकुर गोयल ने किया, जबकि डॉ. श्वेता अग्रवाल ने समन्वयक की भूमिका निभाई। आयोजन को सफल बनाने में स्पोर्ट्स इंचार्ज हरेन्द्र शर्मा, आयोजन समिति के सदस्यों, रेजिडेंट चिकित्सकों और विद्यार्थियों का विशेष योगदान रहा।
समारोह का समापन राष्ट्रहित, स्वास्थ्य संवर्धन और योग को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ किया गया। कार्यक्रम में मौजूद सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
