• Mon. Jun 8th, 2026

TODAY NewsTrack

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Agra News : जन समस्याओं के समाधान में शिकायतकर्ता की संतुष्टि सबसे अहम

District Magistrate reviewing IGRS feedback and complaint disposal reports during meeting in Agra collectorate auditoriumDM reviews IGRS feedback and grievance disposal system in Agra collectorate meeting.
Spread the love

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि आईजीआरएस शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर शिथिलता, लापरवाही या त्रुटिपूर्ण आख्या स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित करें, आवश्यकता पड़ने पर स्थलीय जांच कराएं तथा फोटोग्राफ सहित स्पॉट मेमो तैयार करें। आख्या में शिकायतकर्ता की संतुष्टि अथवा असंतुष्टि की स्थिति स्पष्ट रूप से अंकित की जाए और उसे समय पर पोर्टल पर अपलोड किया जाए।

समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, जल निगम एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग सहित कई विभागों की आख्या में कमियां पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया और भविष्य में सुधार लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि गुणवत्ताहीन आख्या पाए जाने पर जिला स्तरीय अधिकारी अथवा विभागाध्यक्ष की जिम्मेदारी तय की जाएगी। जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही से जनपद की आईजीआरएस रैंकिंग प्रभावित होती है, इसलिए सभी विभाग गंभीरता से कार्य करें।

बैठक में अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग और क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी के बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

जिला आपूर्ति अधिकारी के कार्य की बैठक में सराहना की गई। बताया गया कि प्राप्त 176 शिकायतों में से 172 शिकायतकर्ताओं ने संतुष्टि व्यक्त की है। जिलाधिकारी ने इसे अन्य विभागों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान चकरोड पैमाइश और चकरोड से संबंधित प्रकरणों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे मामलों को सूचीबद्ध कर समयबद्ध ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में जिला प्रोबेशन, जिला आबकारी, डूडा, पंचायतराज, जल निगम, अल्पसंख्यक कल्याण तथा दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के प्रकरणों की भी समीक्षा की गई और सभी को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि शिकायतों का निस्तारण पारदर्शिता और गंभीरता के साथ हो, ताकि आमजन को समयबद्ध न्याय मिल सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) संदीप वर्मा, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) पूजा यादव, अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल) अमरेन्द्र सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *