फतेहाबाद। थाना फतेहाबाद पुलिस ने सोमवार को चेकिंग के दौरान बाल अपचारी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की बाइक, एक तमंचा और दो कारतूस बरामद किए गए हैं।
प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस टीम सोमवार को क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि निबोहरा अंडरपास कट पर दो व्यक्ति चोरी की बाइक और अवैध असलाह के साथ खड़े हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में एक आरोपी की पहचान मोहित पुत्र नारायण सिंह निवासी करीलकी, राजाखेड़ा (राजस्थान) के रूप में हुई, जबकि दूसरा बाल अपचारी है।
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी की बाइक, एक तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में मोहित ने बताया कि उसने बाल अपचारी के साथ मिलकर करीब एक माह पूर्व वृंदावन से यह बाइक चोरी की थी। पकड़े जाने के डर से उन्होंने बाइक की नंबर प्लेट हटाकर फेंक दी थी।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र, सत्यभान सिंह, सुमित कुमार, सागर सिंह, शैलेंद्र सिंह, कांस्टेबल प्रशांत कुमार और आदेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
