फतेहाबाद। थाना डौकी क्षेत्र के सीताराम की मढ़ैया गांव में अत्यधिक शराब के सेवन से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। शुरुआती सूचना पर मामला संदिग्ध लगने के कारण पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन बाद में परिजनों ने युवक की मौत अधिक शराब पीने से होना बताया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर अंतिम संस्कार कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र पुत्र भागीरथ, उम्र 28 वर्ष, निवासी सीताराम की मढ़ैया थाना डौकी का तीन दिन पहले पत्नी से विवाद हो गया था। विवाद के बाद उसकी पत्नी मायके चली गई थी। बताया गया है कि इसके बाद धर्मेंद्र मानसिक तनाव में रहने लगा था।
परिजनों के अनुसार बीती रात धर्मेंद्र ने अत्यधिक शराब का सेवन कर लिया। देर रात उसकी हालत बिगड़ गई और कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई। शनिवार सुबह ससुराल पक्ष की ओर से पुलिस को सूचना दी गई कि धर्मेंद्र को जहर देकर मार दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों को परिजनों ने बताया कि धर्मेंद्र शराब पीने का आदी था और उसने रात में अधिक मात्रा में शराब पी ली थी, जिससे उसकी मौत हो गई। परिवार के लोगों ने किसी भी प्रकार की कार्रवाई से इनकार करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। इसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल बना हुआ है। मृतक अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। एक पुत्र की उम्र छह वर्ष और दूसरे की उम्र तीन वर्ष बताई गई है। पिता की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी मिलने पर मृतक की पत्नी भी मौके पर पहुंच गई।
मृतक के चाचा हरीश कुशवाहा ने बताया कि धर्मेंद्र को शराब पीने की लत थी। तीन दिन पहले पत्नी से उसका विवाद हो गया था, जिसके बाद वह काफी परेशान रहने लगा था। उन्होंने बताया कि ज्यादा शराब पीने के कारण उसकी मौत हुई है।
थानाध्यक्ष डौकी सुनीत शर्मा ने बताया कि परिजनों ने युवक की मौत अत्यधिक शराब के सेवन से होना बताया है। परिवार ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। उन्होंने बताया कि मृतक का कुछ दिन पहले पत्नी से विवाद भी हुआ था।

