आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आगरा के एस.एन. मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर्स और प्रबुद्ध जनों के साथ विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा, आयुष्मान भारत योजना और देश में हुए बड़े बदलावों को विस्तार से रखा गया। संगोष्ठी में केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को जनकल्याण और विकास से जोड़ते हुए बताया गया कि बीते 12 वर्षों में स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन देखने को मिला है।

एस.एन. मेडिकल कॉलेज के एलटी-4 सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चिकित्सक, मेडिकल शिक्षक, प्रबुद्ध जन और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में भारत सरकार के मंत्री एस.पी. सिंह बघेल, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश मुख्य रूप से उपस्थित रहे। संगोष्ठी का केंद्र बिंदु स्वास्थ्य सेवाओं में हुए बदलाव, मेडिकल सुविधाओं का विस्तार और आम लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना रहा।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र में तेजी से काम हुआ है। एस.एन. मेडिकल कॉलेज को प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत विकसित किया गया, जिसके चलते यहां आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार हुआ। अब मेडिकल कॉलेज में ओपन हार्ट बाईपास सर्जरी जैसी जटिल चिकित्सा सेवाएं भी सफलतापूर्वक उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे आगरा और आसपास के जिलों के मरीजों को बड़ा लाभ मिल रहा है।

कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि पहले गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए लोगों को बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों में ही बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

कार्यक्रम में बताया गया कि देश में अब तक 42 करोड़ से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है। इनमें 36 करोड़ से ज्यादा ओरल कैंसर की जांच शामिल है। वक्ताओं ने इसे स्वास्थ्य जागरूकता अभियान की बड़ी सफलता बताया। इसके साथ ही लगभग 2000 आवश्यक दवाओं के दाम कम किए जाने की जानकारी भी दी गई, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिली है।

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि एस.एन. मेडिकल कॉलेज में पिछले 12 वर्षों के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं में लगातार विस्तार हुआ है। आधुनिक मशीनों और चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता से मरीजों को बेहतर उपचार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार निवेश किया है।

विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश ने कहा कि उन्होंने स्वयं एस.एन. मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई की है और वर्षों में यहां हुए बदलाव को करीब से देखा है। उन्होंने कहा कि आज मेडिकल कॉलेज में मरीजों को पहले की तुलना में कहीं बेहतर इलाज मिल रहा है। नई सुविधाओं और चिकित्सा सेवाओं के विस्तार से आम मरीजों को लाभ पहुंच रहा है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में चिकित्सा व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार काम कर रहा है।

एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में हुए बदलावों को विस्तार से रखा। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, नई मशीनें और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे मरीजों को बेहतर इलाज के साथ-साथ मेडिकल छात्रों को भी आधुनिक शिक्षा का लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और ई-संजीवनी योजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत अब प्रतिदिन लगभग 40 हजार क्लेम आ रहे हैं। इसके अलावा 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए आधार कार्ड के आधार पर आयुष्मान कार्ड की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
संगोष्ठी में आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट यानी एबीएचए आईडी को भी महत्वपूर्ण बताया गया। कहा गया कि डिजिटल हेल्थ व्यवस्था के माध्यम से मरीजों के इलाज और स्वास्थ्य रिकॉर्ड को और बेहतर तरीके से जोड़ा जा रहा है।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को भी कार्यक्रम में प्रमुखता से रखा गया। बताया गया कि देश में मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर में लगातार कमी आई है। संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसके साथ ही करोड़ों महिलाओं का टीकाकरण किया जा चुका है और महिला कैंसर वैक्सीनेशन अभियान की भी शुरुआत की गई है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2014 में देश में केवल 7 एम्स संस्थान थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 23 हो चुकी है। वहीं देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या भी बढ़कर 780 तक पहुंच गई है। जिला अस्पतालों के कायाकल्प और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया गया।
संगोष्ठी में डॉ. सुशील गुप्ता, डॉ. पूरन डाबर, डॉ. पंकज सहित शहर के कई प्रबुद्ध जन मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा आम लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया।
