• Thu. Apr 23rd, 2026

TODAY NewsTrack

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Fatehabad News: वाहन चेकिंग के दौरान फतेहाबाद में दो गिरफ्तार, बाइक से चार अवैध तमंचे बरामद, पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर आरोपियों को भेजा जेल

Two arrested and four illegal guns recovered during vehicle checking in FatehabadFatehabad police and surveillance team recovered four illegal firearms and arrested two suspects during vehicle checking.
Spread the love

फतेहाबाद। डौकी पुलिस और सर्विलांस टीम ने सोमवार रात वाहन चेकिंग के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार अवैध तमंचे बरामद किए हैं। एसीपी फतेहाबाद अनिल कुमार ने बताया कि यह घटना सोमवार की रात लगभग 12 बजे के करीब वाजिदपुर अंडरपास के नीचे हुई।

थानाध्यक्ष डौकी सुनीत शर्मा सर्विलांस टीम के साथ वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि टूंडला-फिरोजाबाद की ओर से बाइक पर दो संदिग्ध युवक आ रहे हैं और उनके पास अवैध असलाह है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सतर्क हो गई।

कुछ देर बाद बाइक सवार दो युवक दिखाई दिए। पुलिस टीम ने टॉर्च से रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक देखकर वे मोड़ लेकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 315 बोर के चार अवैध तमंचे बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अनुज तोमर पुत्र विजय बहादुर सिंह तोमर, निवासी साईं नगर गोपालपुरा रोड, थाना पोरसा, जिला मुरैना (मध्य प्रदेश) और विष्णु सिंह तोमर पुत्र बृजमोहन सिंह तोमर, निवासी तेहरा, थाना पोरसा, जिला मुरैना (मध्य प्रदेश) बताया। पुलिस ने बाइक के कागजात न दिखाने पर उसे सीज कर दिया।

आरोपियों ने बताया कि कुछ लोगों से रंजिश होने के कारण उन्होंने अपने बचाव के लिए तमंचे रखे थे। कुछ दिन पहले पोरसा में राह चलते एक व्यक्ति से चार तमंचे खरीद लिए थे। इनमें से दो तमंचे अपने पास रखे थे और दो को टूंडला क्षेत्र में बेचने गए थे। ग्राहक न मिलने पर वे वापस घर लौट रहे थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष डौकी सुनीत शर्मा, सर्विलांस प्रभारी सचिन तोमर, उपनिरीक्षक सौरभ सिंह, शुभम कुमार, मोहित चौहान, ऋषिपाल सिंह, संदीप कुमार, महेंद्र सिंह, पंकज कुमार, नीरज कुमार और अतुल कुमार शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *