आगरा (ब्यूरो)। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में बैंकर्स की जिला परामर्शदात्री एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक के निर्देशन में हुई, जिसमें आरबीआई प्रतिनिधि संदीप मिश्रा, डीडीएम नाबार्ड विशाल आनंद, एलडीएम आगरा ऋषिकेश बनर्जी, विभिन्न बैंकों के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर और संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य बैंकों के प्रदर्शन की समीक्षा करना और आगामी तिमाही के लक्ष्य तय करना था। बैठक में अलग-अलग पैरामीटर पर बैंकों के प्रदर्शन का विस्तार से मूल्यांकन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी बैंकों को निर्देश दिए कि वे CM युवा, PM-FME और PM सूर्य घर जैसी योजनाओं के तहत निर्धारित लक्ष्य समय पर हासिल करें।
विशेष रूप से PM SURYA GHAR योजना के लिए आवेदन पत्रों के निस्तारण की समय सीमा 7 दिन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा सभी प्राइवेट बैंकों को सरकारी योजनाओं और एजुकेशन लोन में सक्रिय रूप से भाग लेने का निर्देश भी दिया गया।

बैठक में बैंक अधिकारियों ने आगामी तिमाही के लक्ष्य और प्रदर्शन सुधार के उपायों पर चर्चा की। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि बैंकों और सरकारी योजनाओं के बीच समन्वय मजबूत होना चाहिए, ताकि जनता को योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से मिल सके। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने पारदर्शी और उत्तरदायी बैंकिंग सेवा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
यह व्यवस्था जिले में वित्तीय समावेशन और किसानों, युवाओं तथा छोटे उद्योगों तक सरकारी योजनाओं के लाभ को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

