आगरा। बटेश्वर की ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी में शुक्रवार को ग्रामीण पत्रकारों की एकजुटता का बड़ा आयोजन हुआ। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, जनपद आगरा की ओर से बाह क्षेत्र के प्रसिद्ध लख्खी मेले में आयोजित ‘बटेश्वर कलमकार संगम’ में जिलेभर के साथ आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों पत्रकार पहुंचे। संगम में ग्रामीण पत्रकारों की समस्याओं, सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के मुद्दे उठाए गए। पत्रकारों ने संगठन की मजबूती और आपसी एकजुटता के साथ इन मांगों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत आगरा की प्रशासक डॉ. मंजू भदौरिया और अपर जिलाधिकारी प्रशासन आजाद भगत सिंह रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला सूचना अधिकारी शीलेन्द्र शर्मा और राजस्थान के सह प्रभारी श्याम सुंदर पाराशर शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता और संयोजन जिलाध्यक्ष डॉ. विष्णु सिकरवार ने किया। मंच संचालन जिला महामंत्री प्रमेन्द्र फौजदार ने किया।

संगम में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला कार्यालय के लिए स्थान उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से उठी। मुख्य अतिथि डॉ. मंजू भदौरिया ने कहा कि संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. विष्णु सिकरवार लंबे समय से जिला कार्यालय के लिए प्रयास कर रहे हैं। वह भी पिछले एक वर्ष से इस मांग को पूरा कराने के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि संगठन के कार्यालय के लिए जल्द उचित व्यवस्था कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों को समाज का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए संगठन की जरूरतों के प्रति सकारात्मक रुख जताया।

जिलाधिकारी मनीष बंसल के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे एडीएम प्रशासन आजाद भगत सिंह ने भी पत्रकारों की मांग सुनी। उन्होंने जिला कार्यालय के लिए स्थान उपलब्ध कराने के संबंध में सकारात्मक आश्वासन दिया। कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। शासन-प्रशासन और आमजन के बीच संवाद स्थापित करने में उनकी अहम भूमिका है। ग्रामीण पत्रकार विपरीत परिस्थितियों में भी जनसमस्याओं को सामने लाकर आमजन की आवाज प्रशासन तक पहुंचाते हैं।
जिला सूचना अधिकारी शीलेन्द्र शर्मा ने ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की संगठनात्मक भूमिका और गांवों-कस्बों में काम करने वाले पत्रकारों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पत्रकार स्थानीय समस्याओं को सामने लाने के साथ सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाते हैं। पत्रकारिता की विश्वसनीयता निष्पक्षता, प्रमाणिकता और तथ्यों पर आधारित समाचारों से कायम रहती है। पत्रकारों को जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। ऐसे आयोजन आपसी समन्वय, संवाद और संगठनात्मक मजबूती को बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष डॉ. विष्णु सिकरवार ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ग्रामीण पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा, स्वाभिमान और अधिकारों की सामूहिक आवाज है। संगठन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण पत्रकार की समस्याओं को मजबूती से उठाना और उनके सुख-दुख में साथ खड़ा रहना है। ग्रामीण क्षेत्रों में पत्रकार सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद निष्ठा और साहस के साथ अपने दायित्व निभाते हैं। ऐसे में उनके सम्मान और सुरक्षा के लिए संगठन का मजबूत होना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि बटेश्वर कलमकार संगम का उद्देश्य पत्रकारों को एक मंच पर लाकर आपसी संवाद, सहयोग और भाईचारे को मजबूत करना है। कलमकारों की एकजुटता से उनकी आवाज प्रभावशाली बनती है। उन्होंने आयोजन में पहुंचे अतिथियों, पदाधिकारियों और पत्रकारों का आभार जताते हुए संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया। राजस्थान के सह प्रभारी श्याम सुंदर पाराशर सहित अन्य अतिथियों ने भी पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने और निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता करने की बात कही। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं। उनकी लेखनी जनसमस्याओं को उजागर करने के साथ सामाजिक बदलाव का माध्यम भी बनती है।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत और सम्मान किया गया। जिले की विभिन्न तहसीलों से पहुंचे पदाधिकारियों, सदस्यों और पत्रकारों की सहभागिता रही। सह संयोजक एवं बाह तहसील अध्यक्ष इंद्रेश तोमर ने अतिथियों और पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।http://[https://todaynewstrack.com/rural-journalists-district-office-demand-bateshwar-agra-up-todaynewstrack/
इस अवसर पर जिला पंचायत आगरा की प्रशासक डॉ. मंजू भदौरिया, एडीएम प्रशासन आजाद भगत सिंह, जिला सूचना अधिकारी शीलेन्द्र शर्मा, राजस्थान के सह प्रभारी श्याम सुंदर पाराशर, मंडल अध्यक्ष अखिलेश सक्सेना, मंडल महासचिव संत कुमार भारद्वाज, मंडल महामंत्री छत्रपाल सिंह एवं प्रभात कुमार, गौसेवक गोपाल ठाकुर, जिला संरक्षक राजेंद्र शुक्ला, जिलाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. विष्णु सिकरवार, सह संयोजक एवं बाह तहसील अध्यक्ष इंद्रेश तोमर, जिला उपाध्यक्ष नीरज परिहार, उमेद्र भदौरिया, अशोक शर्मा, ओमप्रकाश सविता, शिवम सिकरवार, नवीन राजावत, कमल बिहारी मुखिया, चौब सिंह सक्सेना, महावीर वर्मा, सुरेश जारौलिया, प्रमोद पाठक और प्रमोद सिंघल सहित जिलेभर से आए सैकड़ों पत्रकार मौजूद रहे।
