आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष समारोह के तहत ललित कला संस्थान की ओर से विद्यार्थियों के लिए दो शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। ‘लोक संस्कृति में कला एवं संगीत’ विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला में विद्यार्थियों को भारतीय लोक कला और संगीत की परंपराओं से रूबरू कराया गया। वहीं संजय प्लेस स्थित स्पीड कलर लैब के शैक्षणिक भ्रमण में बीएफए और एमएफए के विद्यार्थियों ने फोटोग्राफी, फोटो प्रिंटिंग और फ्रेमिंग की तकनीक को करीब से समझा।
कुलपति प्रो. आशु रानी के संरक्षण और ललित कला संस्थान के निदेशक प्रो. संजय चौधरी की प्रेरणा से राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन संस्कृति भवन प्रेक्षागृह में किया गया। इसका शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष उपनिदेशक डॉ. मनोज कुमार और आमंत्रित अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यशाला के समन्वयक डॉ. देवाशीष गांगुली संगीतेश ने आयोजन के उद्देश्यों और आमंत्रित विषय विशेषज्ञों का परिचय कराया।https://todaynewstrack.com/2026/11/agra-university-lalit-kala-students-folk-music-photography-workshop-todaynewstrack/
कार्यशाला के प्रथम सत्र में संस्थान की प्रथम निदेशिका, अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त दृश्य कला शिक्षाविद एवं चित्रकार प्रो. चित्रलेखा सिंह ने प्रेरक काव्य पाठ किया। इसके बाद ‘मेरे मन आंगन से तेरे घर आंगन तक’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने लोक संस्कृति में कलाओं के महत्व, उनकी सामाजिक प्रासंगिकता और जनजीवन से उनके जुड़ाव पर विचार रखे।

द्वितीय सत्र में अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त राजस्थानी लोक संगीत कलाकार हरिओम गंधर्व ने वैदिक काल के देशी संगीत से लेकर वर्तमान लोक संगीत तक की विकास यात्रा बताई। उन्होंने लोक संगीत को शास्त्रीय संगीत का आधार बताया।
इसके बाद इंडियन आइडल के प्रसिद्ध कलाकार दीने खान, सुधीर और पवन गंधर्व सहित अन्य कलाकारों ने राजस्थानी लोक संगीत की प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक धुनों और सुरों पर विद्यार्थी और श्रोता देर शाम तक झूमते रहे। कई विद्यार्थी लोक संगीत की धुनों पर नृत्य करते नजर आए।
कार्यशाला में सभी विषय विशेषज्ञों के साथ विजय लक्ष्मी शर्मा को ‘लोक कला रत्न’ की उपाधि से सम्मानित किया गया। इसमें शामिल विद्यार्थियों, शोधार्थियों और अन्य प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी दिए गए। वरिष्ठ पत्रकार डॉ. महेश धाकड़ ने विषय संबोधन के साथ कार्यशाला का समापन किया।
दूसरी गतिविधि के तहत संस्थान के बीएफए और एमएफए के विद्यार्थियों को शिक्षक दीपक कुलश्रेष्ठ संजय प्लेस स्थित स्पीड कलर लैब लेकर पहुंचे। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को फोटोग्राफी की पारंपरिक और आधुनिक तकनीकों के साथ फोटो प्रिंटिंग की प्रक्रिया का व्यावहारिक ज्ञान देना था।
विद्यार्थियों ने पुराने समय में इस्तेमाल होने वाले कैमरों, उनके संचालन और फोटोग्राफी की विधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही आधुनिक मशीनों से फोटो प्रिंटिंग की प्रक्रिया को भी प्रत्यक्ष रूप से देखा और समझा।http://dr-bhimrao-ambedkar-university-folk-art-music-photography-training-agra
लैब के स्वामी संजय गोयल ने विद्यार्थियों का स्वागत किया। लैब के विवेक ने फोटोग्राफी और प्रिंटिंग की तकनीकी जानकारी दी, जबकि श्रेयांश ने फोटो फ्रेमिंग सहित अन्य तकनीकी पहलुओं का प्रदर्शन किया। भ्रमण के अंत में स्पीड कलर लैब की ओर से सभी विद्यार्थियों को उनकी सामूहिक तस्वीर फ्रेम कर स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट की गई।
दोनों गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को कक्षा में पढ़े गए विषयों को वास्तविक कार्यक्षेत्र से जोड़ने का अवसर मिला। राष्ट्रीय कार्यशाला में उन्होंने भारतीय लोक परंपराओं, संगीत और सांस्कृतिक विरासत को समझा, जबकि लैब भ्रमण में फोटोग्राफी, प्रिंटिंग और फ्रेमिंग की तकनीकी बारीकियां सीखीं। इससे अप्लाइड आर्ट और फोटोग्राफी के विद्यार्थियों को अपने विषय का व्यावहारिक अनुभव मिला।

आयोजन में मंच संचालन और प्रबंधन की जिम्मेदारी क्रमशः डॉ. वैशाली शर्मा और डॉ. कल्याणी गुप्ता ने निभाई। विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष में आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय कला एवं संस्कृति की परंपराओं से जोड़ने के साथ आधुनिक तकनीकों की जानकारी देने का प्रयास किया गया।
