आगरा। ईवीएम से वोट कैसे दर्ज होता है और वीवीपैट पर डाले गए मत की पुष्टि किस तरह होती है, इसकी जानकारी अब नागरिक कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम डिमॉन्स्ट्रेशन सेंटर पर प्राप्त कर सकेंगे।
यहां आने वाले लोगों को ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली समझाने के साथ मॉक मतदान भी कराया जा रहा है। शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों तक केंद्र की जानकारी पहुंचाने और युवाओं को इससे जोड़ने के निर्देश दिए।https://todaynewstrack.com/2026/11/vote-dalne-se-pehle-samjhe-evm-ka-tarika-agra-collectorate-mock-polling-todaynewstrack/
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र पर अब तक पहुंचे नागरिकों की संख्या के बारे में जानकारी ली। उन्होंने ईवीएम एवं वीवीपैट के माध्यम से लोगों को दी जा रही जानकारी और मॉक मतदान की प्रक्रिया भी देखी।

मौजूद कार्मिकों से प्रतिदिन केंद्र पर आने वाले नागरिकों की संख्या, उनके द्वारा पूछे जाने वाले सवालों और मतदाता जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने कहा कि केंद्र पर आने वाले प्रत्येक नागरिक को ईवीएम की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया जाए। उन्हें यह समझाया जाए कि मतदान के दौरान ईवीएम पर बटन दबाने के बाद वोट किस तरह दर्ज होता है।
इसके साथ ही वीवीपैट पर दिखाई देने वाली पर्ची के माध्यम से मत की पुष्टि की प्रक्रिया भी समझाई जाए। इसके लिए नागरिकों को ईवीएम के माध्यम से मॉक मतदान कराया जाए, जिससे वे स्वयं मतदान करके पूरी प्रक्रिया को समझ सकें। उन्होंने कहा कि जानकारी केवल बताने तक सीमित न रहे, बल्कि लोगों को व्यावहारिक रूप से इसका अनुभव भी कराया जाए।

उन्होंने ईवीएम डिमॉन्स्ट्रेशन सेंटर का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक केंद्र तक पहुंचकर मतदान प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकें। विशेष रूप से युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को केंद्र पर आने के लिए प्रेरित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने केंद्र पर आने वाले प्रत्येक आगंतुक का विवरण व्यवस्थित रूप से संकलित करने के भी निर्देश दिए। इसके साथ ही मतदाता जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने को कहा।http://agra-evm-vvpat-demo-centre-mock-voting-process-todaynewstrack
जिलाधिकारी ने कहा कि ईवीएम डिमॉन्स्ट्रेशन सेंटर मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

यहां नागरिक ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली को समझ सकते हैं और मतदान से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं। केंद्र के माध्यम से लोगों में मतदान प्रक्रिया को लेकर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (नगर) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) आजाद भगत सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संदीप कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल) अमरेंद्र कुमार वर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
