आगरा। नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स ने डिजिटल दौर में अपनी गतिविधियों और सदस्यों से जुड़ी सूचनाओं को एक मंच पर लाने की पहल की है। चैम्बर की अपडेटेड वेबसाइट www.ncicagra.in लॉन्च कर दी गई है। इसमें सदस्यता, कार्यकारिणी, प्रकोष्ठों, बैठकों और चैम्बर की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी के साथ सुझाव भेजने की सुविधा भी दी गई है। उपायुक्त उद्योग शैलेन्द्र सिंह ने वेबसाइट पर जिला उद्योग केंद्र की योजनाओं, औद्योगिक क्षेत्रों, एनओसी और एमएसएमई से जुड़ी सब्सिडी की जानकारी उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। चैम्बर ने इन सूचनाओं को जल्द शामिल करने की सहमति जताई है।
चैम्बर सभागार में अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त उद्योग शैलेन्द्र सिंह ने www.ncicagra.in वेबसाइट का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का संचालन आईटी प्रकोष्ठ के चेयरमैन सचिन सारस्वत ने किया।

अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने कहा कि डिजिटल युग में वेबसाइट का अपडेट रहना आवश्यक है। अब कोई भी उद्यमी या व्यापारी कहीं से भी नेशनल चैम्बर की गतिविधियों और उसके बारे में पूरी जानकारी हासिल कर सकेगा। इसी उद्देश्य से वेबसाइट को विशेष सदस्य सुविधाओं के साथ तैयार किया गया है। इसमें चैम्बर की विभिन्न गतिविधियों और आगामी बैठकों की सूचनाएं उपलब्ध कराई गई हैं। जल्द ही बैठकों के वर्चुअल लिंक को भी सक्रिय किया जाएगा। इससे सदस्य अपनी फर्म में रहते हुए ऑनलाइन बैठक में भाग ले सकेंगे और अपने सुझाव भी दे सकेंगे।
उपायुक्त उद्योग शैलेन्द्र सिंह ने वेबसाइट को अपडेट करने की पहल को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि सदस्यों को सूचना और विवरण उपलब्ध कराने के लिए वेबसाइट पर सरल व्यवस्था की गई है। उनका सुझाव है कि इसमें जिला उद्योग केंद्र का लिंक भी बनाया जाए। इसके माध्यम से उद्यमियों को प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्रों की जानकारी मिल सके। उद्योगों की एनओसी से संबंधित वेबसाइट और हाइपरलिंक भी उपलब्ध कराए जाएं। एमएसएमई की योजनाओं तथा उद्योगों को मिलने वाली सब्सिडी से संबंधित आदेशों की प्रतियां भी वेबसाइट पर रखी जानी चाहिए। इन सूचनाओं के संकलन के लिए जिला उद्योग केंद्र चैम्बर को सहयोग देने के लिए तत्पर है।
आईटी प्रकोष्ठ के चेयरमैन सचिन सारस्वत ने बताया कि नई वेबसाइट पर चैम्बर का संक्षिप्त इतिहास, प्रेसीडेंट डेस्क, कार्यकारिणी की सूची, पूर्व अध्यक्षों का विवरण तथा प्रकोष्ठ चेयरमैनों की सूची मोबाइल नंबर सहित अपडेट की गई है। चैम्बर में पंजीकृत कोई भी सदस्य अपना सदस्यता क्रमांक और फर्म का नाम दर्ज कर अपना विवरण देख सकता है। वेबसाइट पर सुझाव भेजने के लिए अलग लिंक भी दिया गया है। इसके माध्यम से सदस्य अपना सुझाव लिखने के साथ फाइल अटैच कर सीधे चैम्बर को भेज सकेंगे।
उन्होंने बताया कि चैम्बर की गृह पत्रिका नाचिक को भी वेबसाइट पर अपडेट किया गया है। इससे सदस्य पत्रिका का डिजिटल अवलोकन कर सकेंगे।
पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि उपायुक्त उद्योग के सुझावों का चैम्बर स्वागत करता है। वेबसाइट को और उपयोगी बनाने के लिए एमएसएमई और जिला उद्योग केंद्र से प्राप्त उद्योग हित की नवीनतम योजनाओं को जल्द वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल, उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, अम्बा प्रसाद गर्ग, कोषाध्यक्ष विनय मित्तल, पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल, अनिल वर्मा, मनीष अग्रवाल, आईटी प्रकोष्ठ के चेयरमैन सचिन सारस्वत, सदस्य प्रशांत जैन, विजय कुमार गुप्ता, मयंक मित्तल, गोमित जैन, सुशील बंसल, मयंक अग्रवाल, विपुल अग्रवाल, अम्बुज गोयल, मयंक कुमार अग्रवाल, नारायन भरानी, पुनीत कुमार अग्रवाल, प्रशांत मित्तल, धर्मेन्द्र गुप्ता, रजत आदि उपस्थित रहे।
