आगरा। खेल के मैदान में डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए दो अलग-अलग प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है। आर्म रेसलिंग की ऑल इंडिया महिला एवं पुरुष चैंपियनशिप में विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने 15 पदक अपने नाम किए। इनमें महिला खिलाड़ियों के आठ और पुरुष खिलाड़ियों के सात पदक शामिल हैं। वहीं, नॉर्थ जोन वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में विश्वविद्यालय की टीम ने एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीता। इसके साथ ही पांच खिलाड़ियों ने ऑल इंडिया इंटर-यूनिवर्सिटी वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है। दोनों प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ा है। कुलपति प्रो. आशु रानी ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

आर्म रेसलिंग में महिला खिलाड़ियों ने जीते आठ पदक
मेरठ स्थित शुभारती विश्वविद्यालय में 17 से 19 नवंबर तक ऑल इंडिया महिला एवं पुरुष आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इसमें डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए कुल 15 पदक हासिल किए। महिला खिलाड़ियों ने आठ और पुरुष खिलाड़ियों ने सात पदक जीतकर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया।
पुरुष वर्ग में देव अग्रवाल ने 75 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। लवकुश ने 50 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीता। इसी भार वर्ग में हर्ष जुरेल ने कांस्य पदक प्राप्त किया। तेजवीर सिंह ने 60 किलोग्राम और शुभम कुमार यादव ने 70 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया। गौतम कपूर ने 100 किलोग्राम भार वर्ग में दो कांस्य पदक जीतकर पुरुष वर्ग के कुल पदकों की संख्या सात पहुंचाई।
महिला वर्ग में भी विश्वविद्यालय की खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। काजल ने 45 किलोग्राम, आस्था ने 50 किलोग्राम, रचना और अर्चना ने 55 किलोग्राम तथा नीतू ने 70 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीते। नंदिनी बौहरा ने 90 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। वहीं, श्रेया ने 60 किलोग्राम भार वर्ग में एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपनी उपलब्धि दर्ज कराई। इस तरह महिला खिलाड़ियों के खाते में कुल आठ पदक आए।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी मेहनत और उपलब्धि की सराहना की। विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डॉ. अखिलेश चंद्र सक्सेना ने भी सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और संबंधित महाविद्यालयों के शारीरिक शिक्षा शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के कठिन परिश्रम, लगन, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन की सराहना करते हुए इस सफलता को विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों की सामूहिक भागीदारी, समन्वय और खेल भावना का उदाहरण बताया।
प्रतियोगिता के दौरान महिला टीम की कोच डॉ. रूपा ने खिलाड़ियों के साथ रहकर उनके प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और प्रतियोगिता से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालीं। पुरुष टीम के साथ कोच डॉ. अनिल कुमार और टीम मैनेजर डॉ. शफी मोहम्मद ने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन और टीम प्रबंधन किया।
खिलाड़ियों के चयन और उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता तक पहुंचाने में महिला आर्म रेसलिंग की आयोजन सचिव तथा एसबीएस गर्ल्स कॉलेज, आगरा के अध्यक्ष विजय प्रकाश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके साथ ही ए.के. कॉलेज, शिकोहाबाद के आयोजन सचिव प्रो. जगदीश यादव और उनकी टीम ने भी चयन प्रक्रिया में योगदान दिया। पदक विजेता खिलाड़ियों के संबंधित महाविद्यालयों के शारीरिक शिक्षा शिक्षकों ने प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देकर उनकी तैयारी में सहयोग किया।
नॉर्थ जोन वेटलिफ्टिंग में एक स्वर्ण और एक रजत पदक
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा की वेटलिफ्टिंग टीम ने नॉर्थ जोन वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन किया। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू), जालंधर में आयोजित प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण और एक रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा पांच खिलाड़ियों ने ऑल इंडिया इंटर-यूनिवर्सिटी वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया।

प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के खिलाड़ी मोहन श्याम ने 75 किलोग्राम भार वर्ग में बेहतर प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। वहीं, शुन्नी ने 105 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से विश्वविद्यालय को पदक दिलाए। इनके अलावा विश्वविद्यालय के पांच खिलाड़ियों ने ऑल इंडिया इंटर-यूनिवर्सिटी वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में जगह बनाई है। इससे विश्वविद्यालय की टीम को आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. आशु रानी ने पदक विजेता खिलाड़ियों और क्वालीफाई करने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने टीम तैयार करने में योगदान देने वाले चयनकर्ताओं की भी सराहना की और उन्हें उत्कृष्ट टीम के चयन के लिए शुभकामनाएं दीं। विश्वविद्यालय के खेलकूद विभाग के निदेशक डॉ. अखिलेश चंद्र सक्सेना ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वेटलिफ्टिंग टीम के मैनेजर डॉ. गिरीश कुमार रहे। विश्वविद्यालय की ओर से सभी खिलाड़ियों और टीम चयनकर्ताओं को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी गई।https://todaynewstrack.com/university-players-win-17-medals-two-sports-arm-wrestling-weightlifting-today-newstrack/
दोनों प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने कुल 17 पदक हासिल किए हैं। इनमें आर्म रेसलिंग के 15 और वेटलिफ्टिंग के दो पदक शामिल हैं। आर्म रेसलिंग में महिला और पुरुष खिलाड़ियों की संयुक्त सफलता के साथ वेटलिफ्टिंग में स्वर्ण, रजत और पांच खिलाड़ियों का ऑल इंडिया प्रतियोगिता के लिए चयन विश्वविद्यालय की खेल उपलब्धियों में एक और उपलब्धि है।
