आगरा। आगरा में बिजली चोरी रोकने और लाइन लॉस कम करने के लिए जिला प्रशासन व ऊर्जा विभाग का विशेष सघन चेकिंग अभियान जारी है। अभियान में अवैध कटिया, मीटर से छेड़छाड़ और बाईपास के जरिए बिजली चोरी करने वालों के साथ बड़े बकायेदारों पर भी कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देश पर शहर और जनपद में संयुक्त प्रवर्तन टीमें गठित की गई हैं, जबकि अधिक लाइन हानि वाले क्षेत्रों और फीडरों को चिन्हित कर तकनीकी टीमें औचक निरीक्षण कर रही हैं। चोरी मिलने पर कनेक्शन काटने के साथ विद्युत अधिनियम-2003 की विभिन्न धाराओं में एफआईआर और भारी जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी मनीष बंसल के कुशल निर्देशन में जनपद में अवैध कटिया डालकर, मीटर से छेड़छाड़ या बाईपास कर बिजली चोरी करने वालों के विरुद्ध जिला प्रशासन और विद्युत निगम की संयुक्त प्रवर्तन टीमों का गठन किया गया है। अभियान का उद्देश्य विद्युत चोरी रोकने के साथ लाइन लॉस को कम करना है। जिला प्रशासन व ऊर्जा विभाग की ओर से शहर और जनपद में विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके तहत तकनीकी टीमें उच्च हानि वाले क्षेत्रों और फीडरों को चिन्हित कर औचक निरीक्षण करेंगी। चेकिंग में बिजली चोरी पकड़े जाने पर तत्काल विद्युत कनेक्शन काटकर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध पुलिस में मामला दर्ज कराया जाएगा। अवैध कटिया डालकर, मीटर से छेड़छाड़ या बाईपास कर बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ विद्युत अधिनियम-2003 की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराने के साथ भारी जुर्माना लगाया जाएगा। बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं, विभिन्न तरीकों से बड़ी मात्रा में विद्युत चोरी करने वालों और बड़े बकायेदारों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।
बिजली चोरी की सटीक सूचना देने वाले नागरिकों के लिए भी व्यवस्था की गई है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उन्हें प्रोत्साहन राशि अथवा इनाम देने का प्रावधान किया गया है। प्रशासन का उद्देश्य लोगों की सहभागिता से बिजली चोरी पर प्रभावी नियंत्रण करना और लाइन लॉस कम करना है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को ग्राम बिल्हेनी, बिल्हेनी फीडर और उपकेंद्र कबीश चौराहा क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान एसडीएम संतोष कुमार शुक्ला के साथ बिजली विभाग के एसडीओ, जेई और टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे। चेकिंग के दौरान कुल 10 लोग विद्युत चोरी करते हुए पाए गए। इनमें सौरभ पुत्र शिवचरण, ओम प्रकाश पुत्र रामजीलाल, राजकुमार पुत्र मुकेश बाबू, गुलाब सिंह पुत्र देन सिंह, नवल सिंह पुत्र सूबेदार सिंह, दीपचंद्र पुत्र गेंदा लाल, नरगेश पुत्र नेमी चंद्र, भाव सिंह पुत्र आशाराम, सहदेव सिंह पुत्र गेंदालाल और नेमी चंद्र पुत्र गेंदालाल शामिल हैं। इन सभी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
एसडीएम संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि पिछले 15 दिवस से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न दिनों में की गई छापेमारी में अब तक कुल 34 लोगों के विरुद्ध विद्युत चोरी की एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई कराई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि बिजली चोरी रोकने और लाइन लॉस कम करने के लिए यह अभियान लगातार संचालित किया जाएगा।
जिला प्रशासन और विद्युत विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे वैध कनेक्शन लेकर ही विद्युत का उपयोग करें। अवैध कटिया डालकर बिजली लेने, मीटर से छेड़छाड़ करने, मीटर को बाईपास करने अथवा किसी अन्य तरीके से विद्युत चोरी करने पर विद्युत अधिनियम-2003 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
