फतेहाबाद। फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग पर सड़क हादसे के बाद हुए बवाल और पुलिस पर पथराव मामले में पुलिस ने सोमवार देर रात गांव पिन्नापुरा में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दूल्हा समेत 19 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि शादी समारोह के बीच पुलिस गांव में पहुंची, जिससे अफरा-तफरी मच गई और लग्न टीका की रस्म भी पूरी नहीं हो सकी।

फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग पर सोमवार को कार की टक्कर से युवक की मौत के बाद हुए बवाल, पुलिस पर पथराव और पुलिस वाहन में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने सोमवार देर रात गांव पिन्नापुरा में दबिश दी।
रात करीब 11:30 बजे कई थानों की पुलिस फोर्स गांव में पहुंची और कार्रवाई करते हुए 19 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

ग्रामीणों के अनुसार गांव पिन्नापुरा निवासी दशरथ पुत्र देवलाल एसएसबी में श्रीनगर में तैनात है। उसका लग्न टीका मध्यप्रदेश से आया हुआ था। सोमवार रात घर पर रिश्तेदारों और लग्न टीका लेकर आए लोगों के लिए भोजन कार्यक्रम चल रहा था।
इसी दौरान भारी पुलिस बल गांव में पहुंचा और टेंट के अंदर घुस गया। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस के पहुंचते ही कार्यक्रम में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस टीम ने कार्रवाई के दौरान बुजुर्ग महिलाओं और नाबालिग बच्चों के साथ भी मारपीट की।
पुलिस ने मौके से दूल्हा दशरथ समेत 19 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद शादी वाले घर में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों का कहना है कि लग्न टीका लेकर आए रिश्तेदारों को भी पुलिस ने जेल भेज दिया, जबकि उनका किसी विवाद से कोई संबंध नहीं था।
ग्रामीणों के मुताबिक दशरथ का लग्न टीका रायपुर खास थाना महुआ जिला मुरैना मध्यप्रदेश से आया था। पुलिस कार्रवाई के कारण लग्न टीका की रस्म पूरी नहीं हो सकी और लोग बिना रस्म निभाए वापस लौट गए।
ग्रामीणों ने बताया कि राम पुत्र संतोष निवासी पिन्नापुरा की 19 तारीख को बारात जानी थी। वह सोमवार शाम गांव में खाना खाकर वापस लौट रहा था, तभी पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया और जेल भेज दिया।
राम की गिरफ्तारी के बाद उसके परिवार में भी मातम जैसा माहौल बना हुआ है।
सोमवार रात पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश के बाद गांव पिन्नापुरा में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों में दहशत और नाराजगी का माहौल बना हुआ है।

