फतेहाबाद। थाना क्षेत्र के गांव ककरीली बेहड़ी में शराब के नशे में एक युवक हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक समझाने के बाद युवक को सकुशल नीचे उतारा। युवक ने घर में विवाद के बाद शराब पीने की बात कही है।
आगरा के फतेहाबाद थाना क्षेत्र के गांव ककरीली बेहड़ी में रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक शराब के नशे में हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख गांव के लोग मौके पर जुट गए और उसे नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन वह काफी देर तक टावर से नीचे नहीं उतरा।
जानकारी के अनुसार ककरीली बेहड़ी निवासी 24 वर्षीय रामकेश पुत्र शैतान सिंह रविवार शाम करीब पांच बजे गांव के पास खड़े हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने युवक को आवाज देकर नीचे आने के लिए कहा, लेकिन वह लगातार टावर पर ही बैठा रहा।
घटना की सूचना मिलने पर फतेहाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने युवक को समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे की मशक्कत और समझाइश के बाद युवक को सकुशल नीचे उतार लिया गया। युवक के नीचे उतरने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
पूछताछ में युवक ने बताया कि घर में विवाद होने के कारण उसने शराब पी ली थी और गुस्से में टावर पर चढ़ गया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। युवक शराब के नशे में था, जिसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

