आगरा। अवध एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक यात्री की रास्ते में तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। आनन फानन में रेलवे स्टेशन पर विभागीय औपचारिकताएं पूरी कर शव को जीआरपी को सौंप दिया गया।

आगरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि देवी प्रसाद शर्मा अवध एक्सप्रेस के कोच संख्या एस-2 में यात्रा कर रहे थे। उनकी सीट संख्या 25 थी, जबकि उनके पुत्र विजय शर्मा सीट संख्या 26 पर उनके साथ सफर कर रहे थे। वे बोरीवली से गोरखपुर जा रहे थे |
यात्रा के दौरान अचानक देवी प्रसाद शर्मा की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। स्थिति गंभीर होने पर उनके पुत्र ने रेलवे हेल्पलाइन पर संपर्क कर तत्काल चिकित्सीय सहायता की मांग की।
शाम करीब 6. 30 बजे जब अवध एक्सप्रेस आगरा के ईदगाह स्टेशन पहुंची तो रेलवे की ओर से डिप्टी एसएस तथा रेलवे चिकित्सक डॉ. शेर सिंह मीणा ने यात्री का परीक्षण किया। जांच के बाद चिकित्सक ने देवी प्रसाद शर्मा को मृत घोषित कर दिया।
रेलवे अधिकारियों ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव को जीआरपी के सुपुर्द कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
