फतेहाबाद। थाना निबोहरा क्षेत्र में रुपयों के लेनदेन को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंग घर में घुसकर एक महिला के साथ मारपीट कर उसे घर से खींचकर सड़क पर ले आए और उसके साथ लात-घूसों से मारपीट की। घटना का 26 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर घायल महिला को मेडिकल के लिए भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मधु कोरी पत्नी रामनिवास कोरी निवासी ग्राम गढ़ी धनीराम, बीलपुरा थाना निबोहरा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शनिवार दोपहर करीब एक बजे पड़ोसी सुखविंदर जादौन, हेमेंद्र जादौन पुत्र प्रदीप सिंह, अमन बघेल पुत्र चरन सिंह और योगेश ठाकुर उसके घर पहुंचे। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद सभी ने गाली-गलौज करते हुए रुपयों की मांग की। जब पीड़िता ने गाली-गलौज करने का विरोध किया तो आरोपित एकराय होकर उसे घर से खींचकर सड़क पर ले आए और उसके साथ बेरहमी से लात-घूसों से मारपीट करने लगे, जिससे वह घायल हो गई।
बताया गया है कि घटना का करीब 26 सेकेंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। पीड़िता के अनुसार उसकी आवाज सुनकर जब उसका पति बचाने के लिए मौके पर पहुंचा तो आरोपितों ने उसके साथ भी मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपितों ने उसके पति को जबरन कार में बैठाकर ले जाने का प्रयास भी किया। इसी दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।
प्रभारी निरीक्षक निबोहरा बृजेश कुमार गौतम ने बताया कि रुपयों के लेनदेन को लेकर मारपीट की घटना हुई है। घायल महिला को मेडिकल के लिए भेजा गया है तथा पीड़िता की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
