फतेहाबाद। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव बमरौली में विगत 15 मई को पेट्रोल डालकर ससुरालियों द्वारा विवाहिता को आग लगा दी गई थी, जिसकी इलाज के दौरान चार दिन बाद मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना पिढौरा क्षेत्र के गांव आसेकापुरा निवासी सोमवीर पुत्र गंगा सिंह ने बताया कि उसकी बहन माला की शादी 22 नवंबर 2025 को थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव बमरौली निवासी सत्यवीर पुत्र रामलक्षिन के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर ससुरालीजन उसकी बहन को प्रताड़ित करने लगे।
विगत 15 मई को सुबह करीब 8:30 बजे अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसकी बहन के पति सत्यवीर, जेठ परशुराम, वृंदावन, रामगोपाल, जेठानी आरती और निरमा ने बहन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी।
जिसकी इलाज के दौरान चार दिन बाद सोमवार सुबह मौत हो गई। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि मायके पक्ष के लोग पोस्टमार्टम के बाद शव को अपने साथ ले गए।
प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद तरुण धीमान ने बताया कि इलाज के दौरान विवाहिता की मौत हो गई है। मृतका के भाई की तहरीर पर पति सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी घर से फरार हो गए हैं। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।

