1. कलेक्ट्रेट सभागार में सभी अधिकारी-कर्मचारियों के साथ स्व-गणना प्रक्रिया की शुरुआत
2. पत्रकार वार्ता में स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया की जानकारी साझा
3. जनप्रतिनिधियों के आवास पर पोर्टल से की गई स्व-गणना की शुरुआत
आगरा: आगरा में जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना प्रक्रिया का शुभारंभ जिलाधिकारी मनीष बंसल द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ किया गया। इस अवसर पर पत्रकार वार्ता आयोजित कर स्व-गणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्व-गणना फॉर्म भरे तथा जनपद के जनप्रतिनिधियों के आवास पर जाकर पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। आमजन से अपील की गई कि वे इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें।
आज जिलाधिकारी मनीष बंसल द्वारा सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में स्व-गणना का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पत्रकार वार्ता कर स्व-गणना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्व-गणना के तहत नागरिक ऑनलाइन पोर्टल या क्यूआर कोड के माध्यम से स्वयं अपने एवं अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आमजन की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जनपद में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
इसके अंतर्गत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर संपर्क, जनप्रतिनिधियों के माध्यम से अपील, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विशेष कार्यक्रम तथा विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया, पोस्टर, बैनर एवं पंपलेट के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। शिक्षकों, व्यापारियों, स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों की भागीदारी भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्व-गणना चरण के बाद 22 मई से घर-घर सर्वेक्षण प्रारंभ होगा, जिसमें गणनाकर्मी प्रत्येक मकान पर जाकर उसका विवरण दर्ज करेंगे। पूरे अभियान की सतत निगरानी एवं समीक्षा की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को सफल बनाने में सहयोग करें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्व-गणना की प्रक्रिया आज से प्रारंभ हो गई है। जनपद को 23 जोन में विभाजित किया गया है और लगभग 11000 कार्मिक इस कार्य में लगाए जा रहे हैं। एक मोबाइल नंबर से एक परिवार का लॉगिन होगा और यह प्रक्रिया अत्यंत सरल बनाई गई है, जिसे विकल्पों के माध्यम से भरा जा सकता है। उन्होंने कहा कि कार्य से अनुपस्थित रहने या ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले प्रगणक एवं सुपरवाइजर के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर Self Enumeration (स्व-गणना) को बढ़ावा देने पर जोर दिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उन्होंने कहा कि इस बार जनगणना को अधिक पारदर्शी, सटीक और सरल बनाने के लिए डिजिटल माध्यम का उपयोग किया जा रहा है। नागरिकों से अपील की गई कि वे स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज करें तथा अपने आसपास के लोगों को भी प्रेरित करें, जिससे प्रक्रिया तेज और त्रुटिरहित बन सके।
स्व-गणना की प्रक्रिया के बारे में बताया गया कि नागरिक आधिकारिक पोर्टल (se.census.gov.in) पर जाएं, अपने मोबाइल नंबर से OTP द्वारा लॉगिन करें, राज्य, जिला और स्थानीय विवरण चुनें, डिजिटल मानचित्र पर अपने घर का स्थान चिन्हित करें, मकान एवं परिवार से संबंधित जानकारी भरें। सबमिशन के बाद SE ID प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना होगा। प्रगणक आने पर SE ID प्रस्तुत करनी होगी, जिसके बाद जानकारी का सत्यापन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस प्रक्रिया से समय की बचत, सटीक जानकारी और तेज डेटा प्रोसेसिंग संभव होगी। यदि कोई व्यक्ति स्व-गणना नहीं कर पाता है तो निर्धारित अवधि में प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी दर्ज करेंगे। सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय और सुरक्षित रहेगी।
इस अवसर पर स्व-गणना कार्यशाला का आयोजन भी किया गया, जिसमें पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से मास्टर ट्रेनरों द्वारा स्व-गणना प्रपत्र भरवाया गया और प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
जनपद के माननीय जनप्रतिनिधियों के आवास पर जाकर जनगणना-2027 के अंतर्गत पोर्टल पर सूचना भरकर स्व-गणना का शुभारंभ किया गया तथा आमजन से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला गणना अधिकारी शुभांगी शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) आजाद भगत सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर उपस्थित रहे।
