अंतरराष्ट्रीय फिल्मों के साथ अभिनय, निर्देशन और फिल्म निर्माण की बारीकियां सीखने का अवसर
17 नवंबर को अभिनेत्री विभा रानी और अभिनेता एवं एक्टिंग कोच ज्ञानप्रकाश की मास्टर क्लास होगी
अंतिम दिन अभिनेत्री ममता कुलकर्णी करेंगी शिरकत
आगरा। ताजनगरी के लोगों को अगले तीन दिन तक देश-विदेश की चुनिंदा फिल्मों को बड़े पर्दे पर देखने के लिए कोई टिकट नहीं खरीदना होगा। शहर में 8वें ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (GTIFF-2026) का शुभारंभ हो गया है। इसमें 15 से अधिक देशों की फिल्मों की निःशुल्क स्क्रीनिंग की जा रही है।
खास बात यह है कि फिल्में देखने के साथ ही युवाओं को अभिनय, निर्देशन, पटकथा लेखन, सिनेमैटोग्राफी और फिल्म निर्माण की बारीकियां सीखने का भी मौका मिलेगा। फिल्म इंडस्ट्री में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले विद्यार्थियों और नए कलाकारों के लिए मास्टर क्लास, कार्यशालाएं और विशेषज्ञों से संवाद के कार्यक्रम भी रखे गए हैं। https://todaynewstrack.com/2026/11/agra-film-festival-free-screening/
तीन दिवसीय समारोह का आयोजन ग्लैमर लाइव फिल्म्स और डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म एंड होटल मैनेजमेंट (आईटीएचएम) के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। फिल्मों का प्रदर्शन विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर स्थित जेपी सभागार में होगा।
फिल्म फेस्टिवल का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी ने की। समारोह में फ्रांस की अभिनेत्री मरीन बोर्गो, मॉस्को की फिल्म निर्देशक अलेक्जेंड्रा, इटली की गायिका मारिया, वेनेजुएला के अल्फ्रेडो, अमेरिका की अभिनेत्री कशिश अग्निहोत्री बाजपेयी और मुंबई की अभिनेत्री विभा रानी सहित देश-विदेश से आए कलाकारों ने सहभागिता की। फेस्टिवल के संस्थापक एवं निदेशक सूरज तिवारी और अन्य अतिथियों का स्वागत किया गया।
राष्ट्रपति के जीवन पर आधारित फिल्म से हुई शुरुआत
फेस्टिवल के पहले दिन खचाखच भरे सभागार में फीचर फिल्म ‘महामहिम दीदीजी मुर्मू’ का प्रदर्शन किया गया। यह फिल्म राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जीवन पर आधारित है। राजस्थान के माउंट आबू से आई इस फिल्म को देखने के लिए दर्शकों में उत्साह रहा। फिल्म की अदाकारा संपदा मंडल दिल्ली के नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से जुड़ी हैं। फिल्म के निर्देशक पम्पोज मिश्रा और प्रभा मिश्रा भी समारोह में पहुंचे।

फिल्म देखने के लिए आगरा के विभिन्न ब्रह्माकुमारीज केंद्रों से बड़ी संख्या में लोग सभागार पहुंचे। फिल्म के प्रदर्शन के बाद दर्शकों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। ब्रह्माकुमारीज की ओर से शीला दीदी, अश्विनी दीदी और कविता दीदी सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।
फिल्म इंडस्ट्री में रोजगार के कई अवसर : सूरज तिवारी
फेस्टिवल के संस्थापक एवं निदेशक सूरज तिवारी ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री अब केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है। यह रोजगार और व्यवसाय का बड़ा क्षेत्र बन चुकी है। अभिनय के अलावा निर्देशन, लेखन, सिनेमैटोग्राफी, एडिटिंग, एनीमेशन और तकनीकी कामों में भी युवाओं के लिए अवसर हैं। इन क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए युवाओं को गंभीरता से पढ़ाई करनी होगी और प्रशिक्षण प्राप्त करना होगा।
उन्होंने कहा कि फेस्टिवल का उद्देश्य आगरा और आसपास के जिलों के युवाओं को फिल्म उद्योग से जोड़ना है। स्थानीय प्रतिभाओं को सही मंच मिले और फिल्म निर्माता आगरा में फिल्म निर्माण के लिए आकर्षित हों, इसके लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
फिल्म निर्माताओं को सरकारी सहायता और प्रोत्साहन दिलाने की दिशा में काम करना भी आयोजन के उद्देश्यों में शामिल है। उन्होंने युवाओं से फिल्म निर्माण की विधाओं को समझने और प्रशिक्षण के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।
विश्वविद्यालय में शुरू होंगे फिल्म निर्माण से जुड़े रोजगारपरक पाठ्यक्रम
कुलपति प्रो. आशु रानी ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को ऐसी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है, जिससे उन्हें पढ़ाई के बाद रोजगार के अवसर मिल सकें। विश्वविद्यालय में दस दिवसीय फिल्म मेकिंग की प्रायोगिक कार्यशाला आयोजित की गई थी। इसमें विद्यार्थियों ने स्वयं एक फिल्म तैयार की है, जिसका प्रदर्शन भी फेस्टिवल में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय फिल्म निर्माण से जुड़े नए पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना बना रहा है। एनीमेशन के पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। इन प्रयासों से आगरा और आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को फिल्म एवं मीडिया इंडस्ट्री में करियर बनाने का अवसर मिलेगा। विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक जानकारी देने के बजाय व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
फ्रांस, इटली, रूस, अमेरिका समेत 15 से अधिक देशों की फिल्में
फेस्टिवल निदेशक सूरज तिवारी के अनुसार इस वर्ष अब तक 15 से अधिक देशों की फिल्मों का पंजीकरण हो चुका है। इनमें फ्रांस, इटली, पोलैंड, अमेरिका, जर्मनी, रूस, यूनाइटेड किंगडम, सिंगापुर, जापान, अर्जेंटीना, जिम्बाब्वे, ऑस्ट्रेलिया, ईरान और वेनेजुएला सहित कई देशों की फिल्में शामिल हैं। भारत के विभिन्न राज्यों से भी फिल्में प्राप्त हुई हैं।
समारोह में फीचर फिल्म, शॉर्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्री, एनीमेशन फिल्म और म्यूजिक वीडियो प्रदर्शित किए जाएंगे। तीन दिनों तक चयनित फिल्मों की स्क्रीनिंग होगी। ज्यूरी सदस्य फिल्मों का मूल्यांकन करेंगे। बेहतर फिल्में बनाने वाले फिल्मकारों, निर्माताओं और निर्देशकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। दर्शकों को अलग-अलग देशों की संस्कृति, सामाजिक परिस्थितियों और जीवन से जुड़े विषयों को फिल्मों के माध्यम से समझने का अवसर मिलेगा।

17 नवंबर को अभिनय की मास्टर क्लास और पैनल चर्चा
फेस्टिवल के दूसरे दिन 17 नवंबर को मुंबई के प्रख्यात अभिनेता एवं एक्टिंग कोच ज्ञानप्रकाश अभिनय की मास्टर क्लास लेंगे। इसमें विद्यार्थियों और नए कलाकारों को अभिनय की बारीकियां समझने का अवसर मिलेगा। अभिनेत्री विभा रानी पैनल चर्चा में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगी। इस दौरान फिल्म निर्माण और अभिनय से जुड़े विषयों पर बातचीत होगी।
सह आयोजक आईटीएचएम के निदेशक प्रो. यूएन शुक्ला ने बताया कि समारोह में मास्टर टॉक शो, फिल्म कार्यशालाएं और विशेषज्ञों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें फिल्म इंडस्ट्री के अनुभवी कलाकार, निर्माता, निर्देशक और तकनीशियन विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे। नए फिल्मकारों को भी अपने सवाल पूछने और फिल्म निर्माण से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
कालिंदी अकादमी के विद्यार्थियों की प्रस्तुति को मिली सराहना
उद्घाटन समारोह में कालिंदी अकादमी के विद्यार्थियों ने रोशनी गिडवानी के निर्देशन में सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। दर्शकों ने इसकी सराहना की। कार्यक्रम का संचालन साहित्यकार श्रुति सिन्हा ने किया। उन्होंने अपनी प्रस्तुति से समारोह में मौजूद लोगों को बांधे रखा। अभिनेत्री जया सिंह, साहित्यकार कविता रायजादा, डॉ. मधु भारद्वाज, वत्सला प्रभाकर, अमित तिवारी और अन्य कलाकारों एवं साहित्यकारों की भी उपस्थिति रही।http://global-taj-film-festival-agra
उद्घाटन सत्र में समाजसेवी पूरन डावर, प्रो. यूएन शुक्ला, कुलदीप पाठक, केएम सिंघल, जीनत जीशान, नितिन गोयल, अनिल अग्रवाल, रेनू रावत तिवारी, राजेंद्र सचदेवा, डॉ. अरुण शर्मा, शिव प्रताप सिंह और रणजीत सामा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अंतिम दिन ममता कुलकर्णी करेंगी शिरकत
तीन दिवसीय फिल्म समारोह के अंतिम दिन अभिनेत्री ममता कुलकर्णी के शामिल होने का कार्यक्रम है। अंतरराष्ट्रीय कलाकारों और भारतीय फिल्म जगत की हस्तियों की मौजूदगी से आगरा के दर्शकों को सिनेमा से जुड़ी विभिन्न विधाओं को करीब से जानने का मौका मिलेगा।
फेस्टिवल में दर्शकों के लिए प्रवेश और फिल्मों की स्क्रीनिंग निःशुल्क रखी गई है। आयोजकों की ओर से चाय और नाश्ते की व्यवस्था भी की गई है। ऐसे में सिनेमा देखने के शौकीन लोगों के साथ ही विद्यार्थियों, उभरते कलाकारों और फिल्म निर्माण में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए यह आयोजन खास है। आयोजकों ने शहरवासियों से जेपी सभागार पहुंचकर देश-विदेश की फिल्मों का आनंद लेने और फिल्म जगत की हस्तियों से संवाद का अवसर प्राप्त करने की अपील की है।
