फतेहाबाद। सोमवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार कार पीछे से ट्रक में घुस गई। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ट्रक का पिछला पहिया टूटकर बाहर निकल गया। हादसे में कार में सवार सिविल इंजीनियर और उनके चालक घायल हो गए।
पुलिस और यूपीडा की टीम को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार घायल सिविल इंजीनियर हेमंत कुमार पुत्रओमप्रकाश, निवासी आवास विकास कॉलोनी, झोसी प्रयागराज, ग्रेटर नोएडा में नौकरी करते हैं। उनके साथ चालक लालाराम भी मौजूद थे। दोनों ग्रेटर नोएडा से लखनऊ किसी काम से जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार यह हादसा सोमवार सुबह लगभग 7:00 बजे थाना डौकी क्षेत्र के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 11.200 के पास हुआ। कार के पीछे से ट्रक में घुसने के कारण हादसा इतना गंभीर हुआ कि ट्रक का पिछला पहिया भी टूट गया। यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी प्रथम सोवरन सिंह ने बताया कि हादसा संभवत: चालक को नींद की झपकी आने के कारण हुआ।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। घायल सिविल इंजीनियर हेमंत कुमार और उनके चालक लालाराम को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस और यूपीडा की टीम ने मौके पर कार्रवाई कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

