फतेहाबाद में शिकायत के बाद तहसीलदार बबलेश कुमार ने दुकान पर मारा छापा, 445 किलो चना दाल बरामद
दुकानदार ने बयान में सीडीपीओ कार्यालय के कनिष्ठ सहायक आशीष कुमार की संलिप्तता बताई
बरामद माल सीडीपीओ विनीत शर्मा को सौंपा गया, पूरे मामले की जांच के निर्देश
फतेहाबाद। आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए आने वाले पुष्टाहार को निजी दुकानों पर बेचे जाने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद तहसीलदार बबलेश कुमार ने रविवार शाम कस्बा फतेहाबाद में छापेमारी कर एक दुकान से बड़ी मात्रा में चना दाल बरामद की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसीलदार बबलेश कुमार को सूचना मिली थी कि आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए आने वाला पुष्टाहार, जिसमें चना दाल और दलिया शामिल है, बड़े पैमाने पर निजी दुकानों पर बेचा जा रहा है। शिकायत के बाद तहसीलदार ने रविवार शाम करीब 7:30 बजे कस्बा फतेहाबाद के शमशाबाद रोड स्थित एक दुकान पर छापामार कार्रवाई की। छापे के दौरान दुकान से नौ कट्टों में भरी लगभग 445 किलो चना दाल बरामद की गई।

छापेमारी के दौरान दुकानदार से पूछताछ की गई तो उसने अपने बयान में बताया कि यह चना दाल सीडीपीओ कार्यालय में तैनात कनिष्ठ सहायक आशीष कुमार की संलिप्तता से बेची जा रही थी। इस खुलासे के बाद तहसीलदार ने पूरे मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है।

तहसीलदार बबलेश कुमार ने बताया कि उन्हें फोन पर शिकायत मिलने के साथ एक वीडियो भी भेजा गया था, जिसमें बताया गया था कि आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए आने वाला पुष्टाहार बड़े पैमाने पर दुकानों पर बेचा जा रहा है। शिकायत की पुष्टि के लिए की गई छापेमारी में नौ कट्टों में भरी 445 किलो चना दाल बरामद की गई है।
बरामद किए गए पूरे माल को सीडीपीओ फतेहाबाद विनीत शर्मा को सुपुर्द कर दिया गया है और मामले की जांच उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है। तहसीलदार ने यह भी बताया कि सूचना के अनुसार चावल और अन्य सामग्री भी एक स्थान पर बड़ी मात्रा में रखी हुई बताई जा रही है, जिस पर जल्द ही छापेमार कार्रवाई की जाएगी।
सीडीपीओ विनीत शर्मा ने बताया कि तहसीलदार द्वारा 445 किलो चना दाल विभाग को सौंपी गई है। इसकी जांच कराई जा रही है कि यह माल कहां से और किस माध्यम से बेचा जा रहा था। जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

