मिशन शक्ति अभियान के तहत कटरा जोगीदास में जागरूकता कार्यक्रम
महिला सुरक्षा और सहायता के हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
आगरा। बाल विवाह रोकना, बेटियों को शिक्षा के अवसर देना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से दुर्गा पूजा महोत्सव आयोजन समिति की ओर से पुलिस कमिश्नरेट के सहयोग से ताजगंज के कटरा जोगीदास में मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें लोगों को बाल विवाह की रोकथाम, महिला सुरक्षा, बेटियों की शिक्षा और बालिकाओं को सशक्त बनाने के प्रति जागरूक किया गया।https://todaynewstrack.com/2026/10/agra-up-news-stop-child-marriage-educate-girls-empowerment/
कार्यक्रम का शुभारंभ एडिशनल सीपी राजकुमार सिंह, एसीपी प्रीता सिंह, यतेंद्र नागर, एसएचओ हेमलता, डिवीजन चौकी अमित धामा और एसआई प्रियंका यादव ने किया। गणेश वंदना स्तुति अग्रवाल ने प्रस्तुत की।
बाल विवाह रोकने में निभाएं अपनी जिम्मेदारी
आयोजक आशु गोयल और मुकुल वशिष्ठ ने बताया कि कटरा जोगीदास के अंतर्गत फेस-6 में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को बाल विवाह की रोकथाम और बेटियों के अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान बाल विवाह को सामाजिक कुरीति बताते हुए लोगों से इसे रोकने के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की गई। लोगों को समझाया गया कि बेटियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए उनकी शिक्षा और सुरक्षा पर ध्यान देना जरूरी है।

शिक्षित बेटियां बनेंगी आत्मनिर्भर
कार्यक्रम संयोजक वंश खण्डेलवाल ने बताया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है। कम उम्र में बेटियों की शादी करने के बजाय उन्हें शिक्षित करना और आत्मनिर्भर बनने के अवसर देना जरूरी है। शिक्षित बेटियां अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होती हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने कहा कि बेटियों को सुरक्षित वातावरण देना, उनकी शिक्षा सुनिश्चित करना और उनके अधिकारों का सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। समाज के लोगों को भी बाल विवाह जैसी कुरीति को रोकने और बालिकाओं को आगे बढ़ने के अवसर देने के लिए जागरूक होना चाहिए।
महिला सुरक्षा के लिए पांच हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा और जरूरतमंदों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए पांच हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इनमें महिला पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सहायता 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शामिल हैं। लोगों को बताया गया कि जरूरत पड़ने पर इन नंबरों के माध्यम से सहायता प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम का मंच संचालन मिष्टी गोयल ने किया। इस अवसर पर एकता जैन, ऋषि अग्रवाल, रवि गौस्वामी, सोनिया अग्रवाल, मोहिनी अग्रवाल, वैशाली अग्रवाल, कॉस्टेबल विवेक बालियान, हिमांशु पंवार, विष्णु और निधि सहित अन्य लोग मौजूद रहे।http://todaynewstrack.com

