आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सूर्य सुता फाउंडेशन की ओर से 11 से 17 सितंबर तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत शहर के धार्मिक और शैक्षणिक संस्थानों में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। ‘एक पेड़ राष्ट्र के नाम’ का संदेश देते हुए विभिन्न स्थानों पर 1100 पौधे लगाए गए। साथ ही लगाए गए पौधों के संरक्षण और देखभाल का संकल्प लिया गया। अभियान के दौरान पूरे सप्ताह पौधा गोद कार्यक्रम भी संचालित किया जाएगा।
अभियान की शुरुआत लंगड़े की चौकी स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में दर्शन के साथ हुई। फाउंडेशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मंदिर में दर्शन कर महंत गोपी गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद गुरुद्वारा गुरु का ताल पहुंचकर बाबा प्रीतम सिंह का आशीर्वाद लिया गया। यहां भी पौधारोपण किया गया। धार्मिक स्थलों पर आयोजित इन गतिविधियों के जरिए अभियान की शुरुआत की गई।
इसके बाद फाउंडेशन की टीम शैक्षणिक संस्थानों में पहुंची। आरबीएस इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य मेजर विवेक वीर सिंह की उपस्थिति में पौधे लगाए गए। आगरा कॉलेज में प्रॉक्टर वीके सिंह की मौजूदगी में पौधारोपण किया गया। राजकीय विद्यालय में प्राचार्य मानवेंद्र सिंह की उपस्थिति में पौधे लगाए गए। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ पौधों की देखभाल पर भी जोर दिया गया।
फाउंडेशन के अध्यक्ष पुष्कल गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक दिन या अभियान तक सीमित नहीं होना चाहिए। पौधा लगाना केवल शुरुआत है। उसे पेड़ बनने तक सुरक्षित रखना वास्तविक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ राष्ट्र के नाम’ का संकल्प लोगों को प्रकृति के प्रति अपने दायित्व से जोड़ने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधे को गोद लेकर उसकी नियमित देखभाल करे तो आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित, स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण तैयार किया जा सकता है। पौधे की देखभाल के लिए जिम्मेदारी तय होना उसके संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से पौधारोपण के साथ पौधा गोद अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि ‘सेवा संकल्प’ अभियान 11 से 17 सितंबर तक चलेगा। इस अवधि में पौधा गोद अभियान भी सुचारू रूप से संचालित रहेगा। इसका उद्देश्य पौधारोपण के साथ लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी को भी अभियान का हिस्सा बनाना है।
अभियान में धार्मिक स्थलों और शिक्षण संस्थानों को शामिल किया गया। इससे अलग-अलग स्थानों पर पौधारोपण की गतिविधियां आयोजित की गईं। संस्था की ओर से पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों को पौधों की देखभाल के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. दीपेश उपाध्याय (काली चरण वैद्य), राजदीप ग्रोवर, आकाश राणा, तनमय गोयल, अंकुर शंकर गौतम और मोहित जैन आदि उपस्थित रहे।

