आगरा। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित पुलिस मॉडर्न स्कूल में शनिवार को आयोजित इन्वेस्टिचर सेरेमनी ने विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन और जिम्मेदारी की नई भावना जगाई। सजे-धजे मंच, तालियों की गूंज और गर्व से भरे चेहरों के बीच अनुभव चौहान को हेड बॉय और आकृति सक्सेना को हेड गर्ल घोषित किया गया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं, बल्कि अच्छे नेतृत्व और जिम्मेदार नागरिक बनाने की प्रक्रिया भी है।

आगरा कमिश्नरेट की रिजर्व पुलिस लाइन स्थित पुलिस मॉडर्न स्कूल में छात्र परिषद के गठन के लिए भव्य इन्वेस्टिचर सेरेमनी का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या रचना श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई, जिससे पूरे वातावरण में गरिमा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।

समारोह का सबसे भावुक और गौरवपूर्ण क्षण वह रहा, जब नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को मंच पर बुलाया गया। अनुभव चौहान को विद्यालय का हेड बॉय तथा आकृति सक्सेना को हेड गर्ल घोषित किया गया। प्राचार्या ने दोनों विद्यार्थियों को सैश और बैच पहनाकर सम्मानित किया। मंच से जैसे ही उनके नामों की घोषणा हुई, सभागार तालियों से गूंज उठा। अभिभावकों और शिक्षकों के चेहरों पर भी गर्व साफ दिखाई दे रहा था।
इसके बाद छात्र परिषद के अन्य पदाधिकारियों को भी उनके दायित्व सौंपे गए। सभी प्रतिनिधियों ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने, विद्यार्थियों की समस्याओं को जिम्मेदारी से उठाने और नेतृत्व क्षमता का सकारात्मक उपयोग करने की शपथ ली। पद एवं गोपनीयता की शपथ के दौरान विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और जिम्मेदारी का भाव स्पष्ट नजर आया।
प्राचार्या रचना श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि छात्र परिषद केवल एक पद नहीं, बल्कि सेवा और जिम्मेदारी का अवसर है। उन्होंने कहा कि नेतृत्व का अर्थ आदेश देना नहीं, बल्कि दूसरों के लिए प्रेरणा बनना है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से निष्ठा, अनुशासन, समयपालन और सहयोग की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

