आगरा। पालीवाल परिसर में पं. दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण विकास संस्थान की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से 27 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं के सर्वांगीण विकास और खेलों को भविष्य के रोजगार के रूप में अपनाने पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को खेलो इंडिया कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया और खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक डॉ. मनोज कुमार सिंह ने की।

मुख्य अतिथि समाज विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. मो. अरशद रहे। राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नीरज कुमार तथा संस्थान के शिक्षक डॉ. आभा सिंह और आयुष मंगल भी उपस्थित रहे। संवाद के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए खेलों की भूमिका पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवा खेलों को अपने भविष्य के रोजगार के रूप में अपना रहे हैं और खेलो इंडिया जैसे कार्यक्रम उन्हें अपनी प्रतिभा आगे बढ़ाने का अवसर दे रहे हैं।
युवा संवाद कार्यक्रम में संस्थान के चयनित स्वयंसेवकों ऐलिस, निखिल कुमार और शुभम सिंह ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वयंसेवक प्रियांशु, आयुष, विशाल, संस्कृति और कीर्ति ने अहम भूमिका निभाई।
