आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस परिसर छलेसर स्थित शारीरिक शिक्षा विभाग में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 और 30 अगस्त को दो दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। कुलपति प्रो. आशु रानी की अध्यक्षता में शुरू हुए आयोजन में विश्वविद्यालय के विभिन्न संस्थानों और विभागों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित स्पर्धाओं में खो-खो, रस्साकशी, लंबी कूद, 100 मीटर, 400 मीटर दौड़ और म्यूजिकल चेयर जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।

विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ 29 अगस्त को हुआ। प्रतियोगिताओं का उद्घाटन विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने खेलों के प्रति अपनी प्रतिभा, उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन किया। आयोजन राष्ट्रीय खेल दिवस के साथ हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती से भी जुड़ा है।

प्रतियोगिताओं में पंडित दीनदयाल, सेठ पदम चंद, यूसीसी, कृषि, फार्मेसी, दाऊ दयाल संस्थान, स्कूल ऑफ लाइफ साइंस, इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंस और शारीरिक शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। छात्र-छात्राओं ने अलग-अलग स्पर्धाओं में पूरे जोश के साथ प्रतिभाग किया और अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन किया। आयोजन के दूसरे दिन 30 अगस्त को भी विभिन्न प्रतियोगिताएं जारी रहेंगी।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को खेल निदेशक एवं शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अखिलेश चंद्र सक्सेना ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों में निरंतर सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. सतेंद्र यादव, डॉ. रवि शंकर वर्मा, डॉ. सुनीता, डॉ. महेश सिंह और डॉ. सिंधुजा का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. श्याम सुंदर ने किया।
