युवाओं को मिलेगा विश्वस्तरीय खेल मंच, 15 माह में तैयार होगा आधुनिक स्पोर्ट्स हब
आगरा। शहर के खेल बुनियादी ढांचे को नई पहचान देने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। शाहगंज स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) परिसर में 4.92 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक इनडोर मिनी स्टेडियम का भूमि पूजन एवं शिलान्यास प्रदेश के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच किया। यह स्टेडियम तैयार होने के बाद आगरा के खिलाड़ियों को अत्याधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराएगा और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का बेहतर अवसर मिलेगा।

भूमि पूजन के दौरान कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि आगरा के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन अब तक आधुनिक खेल सुविधाओं का अभाव महसूस किया जाता था। उन्होंने कहा कि यह मिनी स्टेडियम युवा खिलाड़ियों के सपनों को नई उड़ान देगा और उन्हें बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले खिलाड़ी भविष्य में प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

15 माह में पूरा होगा निर्माण कार्य
इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल स्वीकृत एवं तकनीकी लागत 492 लाख रुपये है। परियोजना के लिए पहली किस्त के रूप में 216 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं। निर्माण कार्य 27 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुका है और इसे अगले 15 माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPSCIDC) को सौंपी गई है।
मिलेगी आधुनिक खेल सुविधाएं
दो मंजिला इस इनडोर मिनी स्टेडियम में खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। ग्राउंड फ्लोर पर डबल हाइट वाला मुख्य खेल हॉल बनाया जाएगा, जहां विभिन्न इनडोर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हो सकेगा। इसके अलावा टेबल टेनिस सहित अन्य खेलों के लिए मल्टीपरपज हॉल भी बनाया जाएगा।
खिलाड़ियों की सुविधा के लिए पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों के अलग-अलग चेंजिंग रूम और शौचालय, प्रशासनिक कक्ष, वर्क स्टेशन, खेल उपकरण रखने के लिए स्टोर, फर्स्ट एड रूम, इंटरलॉकिंग सड़क, सीसी रोड, बोरिंग और सबमर्सिबल पंप जैसी मूलभूत सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। दर्शकों के लिए बैठने की विशेष व्यवस्था और अतिरिक्त स्टोर रूम भी बनाया जाएगा।

खिलाड़ियों में उत्साह
जीआईसी मैदान में बनने वाले इस स्टेडियम को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि स्टेडियम बनने के बाद आगरा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कुश्ती सहित अन्य इनडोर खेलों का वर्षभर अभ्यास करने का अवसर मिलेगा। इससे खेल प्रतिभाओं को निखारने के साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी भी संभव होगी।
ये रहे मौजूद
भूमि पूजन कार्यक्रम में रामनाथ गौतम, पूर्व महानगर अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, पूर्व सांसद प्रभु दयाल कठेरिया, पूर्व महापौर इंद्रजीत आर्य, निर्मला दीक्षित, डॉ. अलौकिक उपाध्याय, धीरज कोहली, राजू कुशवाह, आदेश सिंघल, संजय जैन, ओम प्रताप सिंह, के.के. भारद्वाज, डॉ. संतोष चाहर, विपुल मित्तल, परशुराम शर्मा, सुनील उपाध्याय, रंजीत सामा, दीप विनायक पटेल, मुनेंद्र जादौन, ललित शर्मा, राजकुमार सागर, ठाकुर रनवीर सिंह, सुनील कर्मचंदानी, विजय गोला, धीरज जैन, गुड्डू मेनन, रवि दिवाकर, सुधीर टंडन, डॉ. भोज कुमार शर्मा, सुरेश चौहान, कमल सिंह तोमर, संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, कार्यदायी संस्था के अभियंता, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी उपस्थित रहे।

