आगरा। 80वें स्वतंत्रता दिवस पर चैम्बर भवन प्रांगण देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। तिरंगा फहराकर राष्ट्रगान के साथ अमर शहीदों को नमन किया गया और ‘हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा’ का संदेश गूंजा। समारोह में आगरा के उद्योगों को आगे बढ़ाने, देश की अखंडता को मजबूत रखने और उद्योग जगत के विकास के लिए सरकार, प्रशासन और चैम्बर के साथ मिलकर काम करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने की। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे और विशिष्ट अतिथि उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग केंद्र, आगरा शैलेन्द्र सिंह रहे।
समारोह की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। राष्ट्रगान और देशभक्ति के जयघोषों से चैम्बर भवन परिसर गूंज उठा। पदाधिकारियों, पूर्व अध्यक्षों, कार्यकारिणी सदस्यों और चैम्बर सदस्यों ने पूरे उत्साह से राष्ट्रीय पर्व में भाग लिया। वातावरण में तिरंगे के प्रति सम्मान और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना दिखाई दी। इस दौरान देश की आजादी के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों और अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। सदस्यों ने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में हर नागरिक को अपना योगदान देना चाहिए।
चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 15 अगस्त केवल तिरंगा फहराने का दिन नहीं, बल्कि उन वीरों को याद करने का अवसर है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने देश की अखंडता और आजादी को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की तरक्की में उद्योग और व्यापार जगत की महत्वपूर्ण भूमिका है और चैम्बर इसी जिम्मेदारी के साथ लगातार काम कर रहा है।
मुख्य अतिथि विजय शिवहरे ने देश के लिए बलिदान देने वाले अमर शहीदों को नमन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा और हर मन तिरंगा’ के आह्वान का उल्लेख करते हुए कहा कि तिरंगा देश की एकता, सम्मान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने ताज संरक्षित क्षेत्र को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री की सकारात्मक भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इसका परिणाम है कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश से आगरा के उद्योगों को कुछ राहत मिली है।
विशिष्ट अतिथि उपायुक्त उद्योग शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार, मंडलायुक्त और संबंधित विभाग आगरा के उद्योगों के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में व्हाइट कैटेगरी और गैर प्रदूषणकारी उद्योगों को स्थापित कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसके सकारात्मक परिणाम जल्द सामने आएंगे। इससे आगरा में उद्योगों के विस्तार और नए उद्योगों की स्थापना के रास्ते खुलेंगे।
पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने चैम्बर के सदस्यों और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी के बाद से चैम्बर उद्योग और व्यापार के हित में लगातार काम करता आया है। उन्होंने कहा कि चैम्बर की बढ़ती सदस्य संख्या उसके प्रति व्यापारियों और उद्यमियों के विश्वास को दर्शाती है। समारोह में यह संदेश भी दिया गया कि सकारात्मक सोच और सकारात्मक पहल किसी भी अच्छे कार्य की पहली सीढ़ी है। उद्योगों की समस्याओं के समाधान के लिए संवाद और समन्वय के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
समारोह में अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल, उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, अम्बा प्रसाद गर्ग, कोषाध्यक्ष विनय मित्तल, पूर्व अध्यक्ष शान्ति स्वरूप गोयल, सीताराम अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, शिव कुमार अग्रवाल, अतुल कुमार गुप्ता, भुवेश कुमार अग्रवाल, श्रीकिशन गोयल, राजीव अग्रवाल, संजय गोयल, सदस्य मनोज कुमार गुप्ता, हरिओम अग्रवाल, संजय अग्रवाल, सुरेश चंद बंसल, सचिन सारस्वत, मंयक मित्तल, विवेक जैन, अपूर्व मित्तल, भीष्म लालवानी, चन्द्रवीर सिंह, अजय गुप्त रंगीला, मयंक अग्रवाल, जयकिशन गुप्ता, मनोज कुमार अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, राजेन्द्र अग्रवाल, चन्द्रमोहन खंडेलवाल, संजय अरोरा, रवि शर्मा, सुरेन्द्र नाथ गुप्ता और दीपक महेश्वरी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन किया। समारोह देशभक्ति, राष्ट्रगौरव और उद्योगों के विकास के लिए मिलकर आगे बढ़ने के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।

