फतेहाबाद। भागवत कथा में शामिल होने जा रहे उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता चौधरी उदयभान सिंह की कार पर आगरा-फतेहाबाद मार्ग पर अचानक एक विशाल सूखा पेड़ गिर गया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन कार में सवार सभी पांच लोग सुरक्षित बच गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग सहायता के लिए पहुंच गए।

उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता चौधरी उदयभान सिंह रविवार को एक बड़े सड़क हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। वह आगरा स्थित अपने आवास से थाना बमरौली कटारा क्षेत्र के गांव बिझामई, नवांमील में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान आगरा-फतेहाबाद मार्ग पर बमरौली कटारा थाने से आगे उनकी कार के ऊपर सड़क किनारे खड़ा एक विशाल सूखा पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा।

पेड़ सीधे चलती कार की छत पर गिरा, जिससे वाहन की छत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि कुछ पल के लिए मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क से गुजर रहे राहगीर और आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे तथा कार में सवार लोगों की मदद में जुट गए।
गनीमत रही कि हादसे के समय कार में सवार पूर्व राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह सहित सभी पांच लोग पूरी तरह सुरक्षित रहे। किसी को गंभीर चोट नहीं आई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के संबंध में चौधरी उदयभान सिंह ने बताया कि वह बिझामई गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में अचानक सूखा पेड़ कार पर गिर गया। उन्होंने कहा कि ईश्वर की कृपा से वह और उनके साथ मौजूद सभी लोग सुरक्षित बच गए।
घटना की सूचना क्षेत्र में फैलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में चिंता की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोगों ने फोन कर उनका कुशलक्षेम जाना। पूर्व राज्यमंत्री के सुरक्षित होने की जानकारी मिलने के बाद समर्थकों ने राहत की सांस ली।
