स्वाद के नाम पर सेहत से खिलवाड़ नहीं, आगरा में खाद्य विभाग ने शुरू की जांच
आगरा। लोगों को सुरक्षित और अच्छी गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में विशेष जांच अभियान चलाया। इस अभियान के तहत अचार, जैम, सॉस, केचप और मेयोनीज जैसे पैक्ड खाद्य उत्पादों की जांच की गई। विभाग की टीम ने अलग-अलग दुकानों और ऑनलाइन सामान पहुंचाने वाले केंद्रों का निरीक्षण कर कुल 10 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए हैं। इन सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

यह अभियान आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी आगरा मनीष बंसल के निर्देश पर चलाया गया। विभाग का उद्देश्य बाजार में बिक रहे खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन कराना है।
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकानों और वितरण केंद्रों पर पहुंचकर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, पैकिंग और लेबल की जांच की।
सबसे पहले डी-मार्ट, प्रोफेसर कॉलोनी, दिल्ली गेट, आगरा की जांच की गई। यहां से Mother’s Recipe ब्रांड का Mixed Pickle और Kissan ब्रांड का Mango Jam के दो नमूने लिए गए। इसके बाद शाहगंज स्थित Instakart Services Private Limited के ई-कॉमर्स वितरण केंद्र की जांच की गई। यहां से Mango Pickle, Mixed Fruit Jam, Eggless Tandoori Mayo और Maggi Rich Tomato Ketchup के चार नमूने लिए गए।
इसी क्रम में बसई सब्जी मंडी स्थित Blinkit Store की जांच की गई। यहां से Soya Sauce, Chili Sauce, Green Chili Pickle और Veg Mayonnaise के चार नमूने संग्रहित किए गए।
इस तरह पूरे अभियान में अचार, जैम, सॉस, केचप और मेयोनीज सहित कुल 10 खाद्य उत्पादों के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यह पता चलेगा कि खाद्य उत्पाद तय मानकों के अनुसार हैं या नहीं। यदि कोई नमूना अधोमानक, गलत जानकारी वाला या स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक पाया जाता है तो संबंधित खाद्य कारोबारी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखी जा रही है। समय-समय पर ऐसे अभियान आगे भी चलाए जाएंगे।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने खाद्य कारोबारियों से अपील की है कि वे खाद्य सुरक्षा के सभी नियमों का पालन करें और केवल गुणवत्तापूर्ण सामग्री ही बेचें। वहीं आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे खरीदारी करते समय पैकिंग, एक्सपायरी डेट और गुणवत्ता का ध्यान रखें और केवल मानक वाले खाद्य उत्पादों का ही उपयोग करें।

